जयपुर पुलिस की बड़ी सफलता: आदर्श नगर में रोशनदान की जाली तोड़कर 15 लाख चुराने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार * 11.50 लाख रुपये की नगदी बरामद, आरोपी सूखे नशे का है आदी * सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस आरोपी नावेद उर्फ 'शाहरुख ट्यूब' तक पहुंची
11.50 लाख रुपये की नगदी बरामद, आरोपी सूखे नशे का है आदी
सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस आरोपी नावेद उर्फ 'शाहरुख ट्यूब' तक पहुंची
जयपुर (क्राइम रिपोर्टर):
राजधानी जयपुर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े मकान के रोशनदान की सीमेंट की जाली तोड़कर हुई 15 लाख रुपये की बड़ी नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 11 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद कर लिए हैं। पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर किस्म का नकबजन है, जो सूखे नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
रोशनदान की जाली तोड़कर की थी चोरी
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व, आईपीएस रंजिता शर्मा ने बताया कि 30 सितंबर को परिवादी गंगाराम महतो (निवासी शांति मार्ग, आदर्श नगर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 28 सितंबर की दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उनके किराये के मकान के कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताला नहीं टूटने पर चोर कमरे के ऊपर लगी सीमेंट की रोशनदान जाली तोड़कर अंदर घुसा और वहां रखे 15 लाख रुपये नगद चुराकर फरार हो गया।
विशेष टीमों का गठन और सीसीटीवी से हुआ खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन और एसीपी आदर्श नगर जितेंद्र सिंह शेखावत के सुपरविजन में थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। मकान में पांच कमरे होने के कारण पुलिस को शुरुआत में किसी नजदीकी या पारिवारिक सदस्य की लिप्तता का संदेह भी था।
पुलिस की एक टीम ने घर के सदस्यों की भूमिका की जांच की, वहीं दूसरी टीम ने घटनास्थल के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पुलिस संदिग्ध आरोपी नावेद चौधरी उर्फ शाहरुख ट्यूब तक पहुंची और उसे दबोच लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर 11 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़ा गया आरोपी 'नावेद उर्फ शाहरुख ट्यूब'
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नावेद चौधरी उर्फ शाहरुख ट्यूब (25 वर्ष), निवासी 60 फीट रोड, रहमान कॉलोनी, नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर (जयपुर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और इस लत को पूरा करने के लिए लगातार चोरी व नकबजनी की वारदातें करता है। आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें जयसिंहपुरा खोर, जवाहर नगर, सुभाष चौक और आमेर थाने में मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस वारदात का खुलासा करने में आदर्श नगर थानाधिकारी छगन डांगी, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार, बलवंत सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव, धर्म सिंह, आदित्य, उमेश कुमार और महिला कांस्टेबल पूनम की मुख्य भूमिका रही। कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और धर्म सिंह की विशेष भूमिका के चलते आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी संभव हो सकी।
जयपुर पुलिस की नागरिकों से अपील
जयपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर अवैध गतिविधियों की जानकारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530425862 पर साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Comments
Post a Comment