केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी अब नहीं रहे

देश का दर्पण न्यूज़ www.deshkadarpan.com
जयपुर.    केंद्रीय रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी ने बुधवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में 65 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। रात नौ बजे के करीब उनका निधन हो गया। 11 सिंतबर को वो कोरोना संक्रमित हुए थे। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। उनके निधन से सत्ता के गलियारों में शोक की लहर है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जाहिर किया सुरेश अंगड़ी में कर्नाटक के बेलगावी से चार बार सांसद रह चुके हैं। रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी ने 11 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, 'आज जांच में कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मेरी स्थिति ठीक है। डॉक्टरों की सलाह ले रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें और कोई भी लक्षण सामने आने पर जांच करवाएं।'
पीएम मोदी ने जताया दुख
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'श्री सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्याकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे। उनका निधन दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।'
राष्ट्रपति ने जताया दुख, कहा- कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है
सुरेश अंगड़ी के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद श्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जन-सेवा के क्षेत्र की, विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ है।
24 सितंबर को दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा
गृह मंत्रालय ने कहा है कि रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगडी के निधन के कारण निर्णय लिया गया है कि 24 सितंबर 2020 को दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
जेपी नड्डा और प्रह्लाद जोशी रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के घर पहुंचे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के घर पहुंचे। सुरेश अंगड़ी का आज ही दिल्ली के एम्स में निधन हो गया।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने दुख जताते हुए कहा, इस समय मेरे पास कुछ कहने के लिए शब्द नहीं है। वह एक अद्भुत इंसान थे। यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। वह मुझसे बड़े थे। उन्होंने हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया और मेरा समर्थन किया। उनके नेतृत्व में भारतीय रेलवे कई नए आयाम ले रहा था।'
बता दें कि देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को संक्रमण के 83,347 नए मामले सामने आए। इसके बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या 56 लाख से अधिक हो गई है। वहीं, 1,085 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 90,020 हो गई
मगर राहत की बात यह है कि 45 लाख से अधिक लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में मरीजों के ठीक होने की दर 81.25 फीसदी हो गई है। वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर गिरकर 1.59 फीसदी रह गई है।

Comments

Popular posts from this blog

जयपुर: बेटे सत्य प्रकाश खातीपुरा की आत्महत्या से मां टूटी, पुलिस की सुस्ती पर आक्रोश; वैशाली नगर थाने में दर्ज केस में नया मोड़

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*