सांगानेर सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर नकबजन राजू उर्फ अर्जुन गिरफ्तार, चोरी के जेवरात बरामददो दर्जन से अधिक चोरी-नकबजनी के मामलों में चालानशुदा है आरोपी
दो दर्जन से अधिक चोरी-नकबजनी के मामलों में चालानशुदा है आरोपी
जयपुर (विशेष संवाददाता)।
जयपुर दक्षिण पुलिस कमिश्नरेट के सांगानेर सदर थाना पुलिस ने चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए शत-प्रतिशत जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में दो दर्जन से अधिक चोरी एवं नकबजनी के मामले दर्ज हैं।
बंद मकान को बनाया था निशाना
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि जिला जयपुर साउथ में चोरी व नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए सघन गश्त व धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सांगानेर सदर पुलिस ने कार्रवाई की।
घटनाक्रम के अनुसार, परिवादी देवकीनन्दन ने 28 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर को वह परिवार सहित एक शादी समारोह में गए थे। वापस लौटने पर मुख्य द्वार और कमरे का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे चांदी के पायजेब, सिक्के, बच्चों की चांदी की चैन तथा पूजन सामग्री (कटोरी-चम्मच) गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
CCTV फुटेज व तकनीकी संसाधनों से खुली पोल
वारदात के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (चाकसू) भवानी सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा (पु.नि.) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद ली।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध आरोपी राजू उर्फ अर्जुन (27) पुत्र लड्डूलाल शर्मा, निवासी नसिया जी कॉलोनी, देही (बूंदी) हाल खानबदोश (सांगानेर पुलिया के नीचे) की पहचान की गई। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर उसके कब्जे से चोरी हुए जेवरात बरामद किए। पुलिस फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में सांगानेर सदर थाने के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हेमराज, कांस्टेबल नरेश कुमार, रामावतार, संदीप कुमार, प्रेम चौधरी और इकराम शामिल रहे।
Comments
Post a Comment