मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: 10 माह से था फरार, त्योहार पर घर लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा






मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: 10 माह से था फरार, त्योहार पर घर लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा
जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की खोराबीसल थाना पुलिस ने मंदिरों में नकबजनी और चोरी करने वाले गिरोह के मुख्य व फरार इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश पवन मीणा को दबोचा है, जो पिछले 10 महीने से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट और नकबजनी के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।  
दिन में रेकी कर रात में तोड़ते थे मंदिरों के ताले
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण के अनुसार, गिरोह दिन के समय मंदिरों की रेकी करता था और रात के सन्नाटे में वारदात को अंजाम देता था। आरोपियों ने खोराबीसल, हरमाड़ा, बिंदायका, कालाडेरा, गोविंदगढ़ और सामोद क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक मंदिरों को निशाना बनाया था। वारदात के लिए आरोपी अपने परिचित से बोलेरो गाड़ी मांगकर लाते थे।  
8 फरवरी को श्री ग्वाला बाबा मंदिर में हुई थी बड़ी चोरी
यह कार्रवाई 8 फरवरी 2026 को खोराबीसल स्थित श्री ग्वाला बाबा मंदिर में हुई चोरी की रिपोर्ट के बाद शुरू की गई। चोरों ने मंदिर के मुख्य ताले तोड़कर छत्र, मुकुट, सिंहासन, चांदी की कटोरी, माता सीता की नथ, पंखा और दानपात्र पार कर दिया था। इसके अलावा उसी रात और अगली रात आसपास के कई अन्य मंदिरों में भी ऐसी ही चोरियां सामने आई थीं।  
3 साथी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों (मोहन लाल सैनी, सुवालाल चौधरी उर्फ सुनील और मंगलचंद सैनी) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात, नकदी व ताले तोड़ने के औजार बरामद कर लिए थे। साथियों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी पवन मीणा अपना मोबाइल बंद कर महाराष्ट्र में पहचान छुपाकर फरारी काट रहा था।  
त्योहार पर गांव आते ही दबोचा
कांस्टेबल शीशराम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी पवन मीणा त्योहार के मौके पर अपने गांव आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।  
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में फरार एक अन्य नाबालिग आरोपी तथा वारदात में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

आॅपरेशन क्लीन स्वीप Anand srivastav Police commissoner