जामडोली में सर्राफा कारोबारी से लूट व फायरिंग का 48 घंटे में पर्दाफाश: 2 शातिर बदमाश बापर्दा गिरफ्तार, भागते वक्त टूटे पैर

जामडोली में सर्राफा कारोबारी से लूट व फायरिंग का 48 घंटे में पर्दाफाश: 2 शातिर बदमाश बापर्दा गिरफ्तार, भागते वक्त टूटे पैर  
जयपुर। जामडोली थाना इलाके में सर्राफा व्यापारी और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर नकदी व चांदी के जेवरात लूटने की सनसनीखेज वारदात का जयपुर (पूर्व) पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो शातिर बदमाशों को बापर्दा गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। भागने के दौरान दोनों बदमाशों के पैर टूट गए, जिनका उपचार करवाया जा रहा है।  
दुकान बंद कर घर लौटते समय की थी घेराबंदी
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 29 अक्टूबर को परिवादी सोनू कुमार स्वर्णकार निवासी भरत विहार-ए, जामडोली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात करीब सवा आठ बजे वह अपने भाई के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। दुकान से करीब 100 मीटर दूर दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।  
बचाव में आई महिला पर चलाई थी गोली
शोर सुनकर जब पास से एक महिला बचाव के लिए दौड़ी, तो बदमाशों ने पिस्टल से उस पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली महिला के पैर में जा लगी। इसके बाद बदमाश चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।  
300 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी पारस जैन के निर्देशन व एसीपी आदर्श नगर जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पुराने चालानशुदा अपराधियों पर निगरानी के आधार पर पुलिस ने 31 अक्टूबर को दो आरोपियों को दबोच लिया।  
पकड़े गए आरोपी:
मनीष कश्यप (20), निवासी नसिया कॉलोनी, गंगापुर सिटी (हाल निवासी मांगियावास, मानसरोवर/नारायण विहार)।  
गुमान सिंह (24), निवासी गांव रोसी, नादौती, करौली (हाल निवासी गोनेर रोड, शिवदासपुरा)।  
रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम, पूर्व में भी दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म के बदमाश हैं और पहले से हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमों में वांछित चल रहे थे। आरोपी पहले पीड़ित की गतिविधियों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही हमला करते थे। आरोपी गुमान सिंह के खिलाफ लूट, जानलेवा हमला व आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन और मनीष कश्यप के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं।  
पुलिस दोनों आरोपियों की शिनाख्त परेड के बाद रिमांड लेकर लूटे गए आभूषण, वारदात में प्रयुक्त पिस्टल व बाइक बरामद करने के प्रयास करेगी। शेष तीन आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

आॅपरेशन क्लीन स्वीप Anand srivastav Police commissoner