सॉफ्टवेयर में हेरफेर कर करीब 2 करोड़ के जीपीएस उपकरण चुराने वाले दो कर्मचारी गिरफ्तार, लाखों का सामान व नकदी बरामद
सॉफ्टवेयर में हेरफेर कर करीब 2 करोड़ के जीपीएस उपकरण चुराने वाले दो कर्मचारी गिरफ्तार, लाखों का सामान व नकदी बरामद
जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सीतापुरा रीको स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस निर्माता कंपनी के सॉफ्टवेयर में हेरफेर कर करोड़ों रुपये के जीपीएस उपकरण चोरी करने के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त समेत कंपनी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 162 जीपीएस उपकरण, 103 एंटीना, 3.50 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, प्रिंटर, सिलाई मशीनें और कुर्सियां बरामद की हैं।
फर्जी ऑनलाइन ऑर्डर बनाकर चुराते थे डिवाइस
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री राजर्षि राज के अनुसार, सीतापुरा रीको एरिया स्थित ‘रेवेन्स टेक्नोलॉजी प्रा. लि.’ के निदेशक सार्थक जैन ने 29 अक्टूबर को मामला दर्ज करवाया था। उन्होंने बताया कि कंपनी के सॉफ्टवेयर में हेर-फेर कर फर्जी ऑनलाइन ऑर्डर जनरेट किए जा रहे हैं और बैंकिंग क्षेत्र में मनी ट्रांजेक्शन के लिए इस्तेमाल होने वाले करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के जीपीएस उपकरणों की बड़े पैमाने पर चोरी की गई है।
ग्राहक सेवा के पद पर थे दोनों आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के निर्देशन एवं एसीपी चाकसू भवानी सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने कंपनी में कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत दो आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजरूद्दीन उर्फ अजहर (22) निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ईदगाह, गलता गेट और मोहम्मद जैद (23) निवासी गुलजार कॉलोनी, ईदगाह, गलता गेट के रूप में हुई है।
पुराने ग्राहकों की आईडी से बदलते थे डिलीवरी पता
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों के पास कंपनी के सॉफ्टवेयर का एक्सेस था। वे अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पुराने ग्राहकों की आईडी से फर्जी ऑर्डर बुक करते थे और सॉफ्टवेयर में डिलीवरी एड्रेस बदलकर उपकरणों को अपने पते पर मंगा लेते थे। इसके बाद वे इन उपकरणों को बाजार में कम दामों पर बेच देते थे। उपकरण बेचकर मिली राशि से उन्होंने नकदी रखने के साथ-साथ घरेलू व व्यावसायिक सामान भी खरीद लिया था। फिलहाल पुलिस दोनों से चोरी के अन्य मामलों और उपकरण खरीदने वालों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।


Comments
Post a Comment