मौरिजा पंचायत चुनाव हिंसा: वोट चोरी की अफवाह फैलाकर उपद्रव करने वाला मुख्य आरोपी भगतसिंह गिरफ्तार, पुलिस पर पथराव और मतपेटी लूटने की हुई थी कोशिश चौमूं/सामोद:
मौरिजा पंचायत चुनाव हिंसा: वोट चोरी की अफवाह फैलाकर उपद्रव करने वाला मुख्य आरोपी भगतसिंह गिरफ्तार, पुलिस पर पथराव और मतपेटी लूटने की हुई थी कोशिश
चौमूं/सामोद:
पंचायत समिति चौमूं के ग्राम मौरिजा में सरपंच व पंच चुनाव के दौरान वोट चोरी की झूठी अफवाह फैलाकर मतदान केंद्र पर हमला कराने और पुलिसकर्मियों पर पथराव करने के मामले में सामोद थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जिला जयपुर ग्रामीण श्री हनुमान प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान भगतसिंह लखेरा (20) पुत्र रामलाल लखेरा निवासी लखेरों का मोहल्ला, मौरिजा के रूप में हुई है।
हार की आशंका में भीड़ को उकसाया, मतपेटियां लूटने का था प्रयास
पुलिस के अनुसार 24 अक्टूबर की शाम बूथ संख्या 54 (राजकीय कन्या पाठशाला मौरिजा) पर मतदान संपन्न होने के बाद एजेंटों की मौजूदगी में मतपेटियां सील की जा रही थीं। इसी दौरान एजेंट भगतसिंह लखेरा ने बाहर जाकर वोट चोरी की अफवाह फैला दी। आरोप है कि चुनाव में अपनी संभावित हार देखकर सरपंच पद प्रत्याशी प्रतिभा सैनी के पति सुरेश सैनी तथा प्रत्याशी ममता देवी के ससुर व पूर्व सरपंच मंगलचंद सैनी सहित अन्य लोगों ने भीड़ को उकसाया।
उपद्रवियों का मुख्य उद्देश्य माहौल खराब कर हिंसा फैलाना और मतपेटियां लूटकर पुनः मतदान कराना था। 100 से 150 लोगों की भीड़ स्कूल का मुख्य गेट तोड़कर और दीवार फांदकर भीतर घुस गई। उपद्रवियों ने मतदान कक्ष का दरवाजा तथा खिड़की-जंगलियों की लोहे की जाली तोड़कर सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया।
पुलिसकर्मियों पर पथराव, मोबाइल तोड़ा और हाईवे जाम किया
घटना के दौरान वीडियो बना रहे उप-निरीक्षक रणवीर सिंह का मोबाइल भीड़ ने छीनकर दीवार पर पटक कर तोड़ दिया। इसके बाद करीब 200-250 लोगों की उग्र भीड़ ने पुलिस जाप्ते और पोलिंग पार्टी पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एएसआई शेरसिंह और कांस्टेबल मोहनलाल सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद भीड़ ने मौरिजा बस स्टैंड पर चौमूं-चंदवाजी स्टेट हाईवे 8-बी पर जाम लगा दिया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया और यातायात सुचारू कराया।
वीडियो रिकॉर्डिंग से अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एएसआई शेरसिंह की रिपोर्ट पर सामोद थाने में बीएनएस और पीडीपीपी एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज पाठक एवं वृत्ताधिकारी गोविंदगढ़ शिवा शर्मा के निर्देशन तथा थानाधिकारी हेमराज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी भगतसिंह को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।




Comments
Post a Comment