फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल भरवाकर भागने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 20 से अधिक वारदातें कबूलीं


फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल भरवाकर भागने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 20 से अधिक वारदातें कबूलीं
जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की वेस्ट जिले की डीएसटी और बिन्दायका थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ियों की नंबर प्लेट बदलकर पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण के अनुसार, आरोपियों ने जयपुर शहर में 20 से अधिक पेट्रोल पंपों पर ऐसी वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।  
मौज-मस्ती और घूमने के लिए करते थे वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की नंबर प्लेट चुरा लेते थे। इसके बाद वे इन नंबर प्लेटों को अलग-अलग गाड़ियों पर लगाकर मानसरोवर, सोडाला, रोड नंबर 14 सीकर रोड, निवारू, करधनी, बिन्दायका, वैशाली नगर, करणी विहार और हरमाड़ा समेत कई इलाकों के पेट्रोल पंपों पर जाते थे। वहां गाड़ी की टंकी फुल करवाकर बिना पैसे दिए फरार हो जाते थे। आरोपियों ने बताया कि वे मौज-मस्ती और घूमने-फिरने के शौक को पूरा करने के लिए ये वारदातें करते थे।  
बिन्दायका में दर्ज हुई थी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, परिवादी राहुल शर्मा और बजरंग लाल जाट ने बिन्दायका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया कि 23 अक्टूबर को सुबह करीब सवा पांच बजे स्विफ्ट कार में ₹4403 और 28 अक्टूबर को सुबह सिरसी रोड स्थित मामा फिलिंग स्टेशन पर वैगनआर कार में फर्जी नंबर प्लेट (RJ14CK5455) लगाकर ₹4070 का पेट्रोल भरवाया गया और दोनों बार बिना भुगतान किए गाड़ियां भगा ली गईं। रिपोर्ट पर धारा 307 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।  
सीकर के लक्ष्मणगढ़ से दबोचे गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता के सुपरविजन, एसीपी धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन और बिन्दायका थानाधिकारी अनिल जैमिनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जयपुर और सीकर जिले के होटलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों और टोल टैक्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।  
तकनीकी शाखा के हैड कांस्टेबल दिनेश कुमार की मदद से इनपुट मिला कि दो संदिग्ध सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के अलखपुरा गोदरान में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।  
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
अंकित वर्मा (19) पुत्र बनवारी लाल, निवासी बालाजी धाम, कनकपुरा रेलवे स्टेशन के पास, थाना करधनी, जयपुर पश्चिम।  
विशाल महरड़ा (28) पुत्र भंवरलाल, निवासी गणपति नगर, रेलवे कॉलोनी, रेलवे जंक्शन के पास, थाना सदर, जयपुर पश्चिम।  
पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।  

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

आॅपरेशन क्लीन स्वीप Anand srivastav Police commissoner