चारभुजा कॉलोनी में हर्षोल्लास से मनाया गया गोवर्धन महोत्सव, महिलाओं ने लोकगीत गाकर मांगी परिवार की खुशहाली
चारभुजा कॉलोनी में हर्षोल्लास से मनाया गया गोवर्धन महोत्सव, महिलाओं ने लोकगीत गाकर मांगी परिवार की खुशहाली
रायला कस्बे की चारभुजा कॉलोनी में गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) के पावन अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की खुशहाली व लंबी उम्र की कामना की।
महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन भगवान की सुंदर आकृति बनाई और उन्हें सजाकर विधिवत पूजन किया। मंगलवार सुबह गोवर्धन पूजन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ किया गया। दीपावली के दूसरे दिन सवेरे ही अपने घरों में गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई गई। पारंपरिक परिधानों में सजधज कर छोटे-छोटे समूह में पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालु महिलाओं ने गोवर्धन महाराज की से पूजा-अर्चना कर परिवार में खुशहाली की कामनाएं की। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन की परिक्रमा करके भगवान गोवर्धन के गीत आवो गोवर्धन जी महाराज... पूजू पगलिया माथा आज... पूरण करजो सारो काज... जुग जुग जिए परिवार... पूजा गोवर्धन वीर सहित अनेक लोकगीत गाए तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि व शांति के लिए आशीर्वाद मांगा।
बुजुर्ग महिलाओं ने लोक प्रचलित कथाएं सुनाई। गोवर्धन पूजा का महत्व-भगवान कृष्ण के द्वारा इंद्रदेव का अहंकार दूर करने के स्मरण में गोवर्धन का त्योहार मनाया जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान कृष्ण की ओर से ही सर्वप्रथम गोवर्धन पूजा आरंभ करवाई गई थी और गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर इंद्रदेव के क्रोध से ब्रज के समस्त नर-नारियों और पशु-पक्षियों की रक्षा की थी। यहीं कारण है कि गोवर्धन पूजा में गिरिराज के साथ भगवान कृष्ण के पूजन का भी विधान है। गोवर्धन की पूजा करके लोग प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
Comments
Post a Comment