जेल भिजवाने और बदनाम करने की धमकी देकर महिला से वसूली करने वाला तथाकथित यूट्यूबर दिल्ली से गिरफ्तार
जेल भिजवाने और बदनाम करने की धमकी देकर महिला से वसूली करने वाला तथाकथित यूट्यूबर दिल्ली से गिरफ्तार
जयपुर। राजधानी जयपुर की प्रताप नगर थाना पुलिस ने अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक तथाकथित यूट्यूबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब पांच साल से एक महिला को पुलिस में शिकायत करने और यूट्यूब पर खबर चलाकर बदनाम करने की धमकी देकर लगातार ऑनलाइन वसूली कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) श्रीमती रंजीता शर्मा (IPS) के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को प्रताप नगर थाने में पीड़िता ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह देशी शराब के ठेके से जुड़ा काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। कुछ समय पहले राहुल सक्सेना नाम का व्यक्ति उसके पास आया और खुद को यूट्यूबर बताते हुए हर महीने 2,000 रुपये की मांग करने लगा। उसने धमकी दी कि यदि रुपये नहीं दिए तो वह अपने यूट्यूब चैनल पर उसके खिलाफ खबर चलाएगा, पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाएगा और उसे पूरी तरह बर्बाद कर देगा।
लगातार मिल रही धमकियों और डर की वजह से पीड़िता व उसके परिजनों ने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे (PhonePe) के जरिए 500 से लेकर 2,000 रुपये तक कई बार आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए। तंग आकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली, जिस पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं (308(2), 351(2)) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
5 साल पहले बनाया था वीडियो, दिल्ली जाकर भी वसूलता रहा रकम
जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल सक्सेना वर्ष 2020-2021 के दौरान जयपुर के प्रताप नगर इलाके में किराए से रहता था। उस समय पीड़िता अवैध शराब की बिक्री से जुड़ी थी। आरोपी ने उसका वीडियो बना लिया और पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाने की धमकी देकर प्रति माह 1,500 रुपये की वसूली शुरू कर दी। वर्ष 2021 के बाद आरोपी दिल्ली जाकर रहने लगा, लेकिन उसने महिला का पीछा नहीं छोड़ा। वह दिल्ली से ही महिला और उसके बेटे को फोन कर जेल भिजवाने की धमकी देता रहा और ऑनलाइन माध्यम से हर महीने 500 से 2,000 रुपये ऐंठता रहा।
पुलिस टीम ने दिल्ली से दबोचा
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के मार्गदर्शन और एसीपी सांगानेर दीपक खण्डेलवाल के निर्देशन में प्रताप नगर थानाधिकारी विक्रांत शर्मा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से दिल्ली से धर दबोचा।
पकड़ा गया आरोपी 42 वर्षीय राहुल सक्सेना मूल रूप से भरतपुर (कुम्हेर गेट, थाना कोतवाली) का रहने वाला है और वर्तमान में सुल्तानपुर कॉलोनी, फतेहपुर बेरी (दक्षिण नई दिल्ली) में किराए पर रह रहा था। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई बलदेव कुमार, एएसआई बलवीर सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल दिलीप कुमार शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।


Comments
Post a Comment