फुलेरा थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 4 चोरी की बाइकें बरामद, जयपुर, सीकर और कोटा से चुराई थीं गाड़ियांफुलेरा (जयपुर ग्रामीण)।
फुलेरा (जयपुर ग्रामीण)।
जिला जयपुर ग्रामीण पुलिस के तहत फुलेरा थाना पुलिस ने नकबजनी एवं वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विशाल गवारिया की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 4 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
सुपरविजन और टीम कार्रवाई
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्री हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि थाना फुलेरा पर दर्ज नकबजनी के प्रकरण संख्या 164/2026 में यह कार्रवाई की गई। यह सफलता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और वृत्ताधिकारी सांभरलेक मुकेश जोशी के सुपरविजन में तथा फुलेरा थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) हीरालाल सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मिली है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल गवारिया (21 वर्ष, निवासी भैंरू की ढाणी, ईटावा, फुलेरा) को दिनांक 03.10.2026 को गिरफ्तार किया गया था। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त जयपुर रेलवे जंक्शन से चुराई गई बाइक (RJ 14 JR 6036) पहले ही जब्त की जा चुकी थी। कड़ाई से अनुसंधान करने पर आरोपी ने भांकरोटा (जयपुर), खाटूश्यामजी (सीकर) और फुलेरा कस्बा क्षेत्र से वाहन चोरी की वारदातें स्वीकार कीं।
झाड़ियों में छुपाकर रखी थीं बाइकें
आरोपी की ईतला पर ईटावा में भैंरू की ढाणी के पास एक पुरानी बंद स्कूल की चारदीवारी की ओट में बबूल की झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं 4 मोटरसाइकिलें (धारा 106 BNSS के तहत) बरामद की गईं:
एचएफ डीलक्स - RJ 20 NS 2115
स्पलेंडर प्लस - RJ 23 RS 4564
एचएफ डीलक्स - RJ 23 BS 9043
स्पलेंडर प्लस - RJ 23 AS 1650
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ये गाड़ियां अपने साथी के साथ मिलकर कोटा शहर, रींगस, खाटूश्यामजी तथा जयपुर शहर के विधायकपुरी थाना क्षेत्र से चुराई थीं। इस संबंध में संबंधित थानों को सूचित कर दिया गया है।
कांस्टेबल महेश कलवानिया की रही विशेष भूमिका
इन चोरियों का खुलासा करने और बाइकें बरामद करवाने में कांस्टेबल महेश कलवानिया (का. 1828) की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में थानाधिकारी हीरालाल सैनी, सहायक उप-निरीक्षक रणजीत, कांस्टेबल सरदार, पंकज और मुकेश शामिल रहे। आरोपी को अन्य प्रकरणों में भी गिरफ्तार कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।
Comments
Post a Comment