अवैध पटाखा बिक्री पर जामड़ोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस पटाखे बेचते दुकानदार गिरफ्तार; 50 हजार के पटाखे जब्त
अवैध पटाखा बिक्री पर जामड़ोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस पटाखे बेचते दुकानदार गिरफ्तार; 50 हजार के पटाखे जब्त
जयपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जयपुर (पूर्व) पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण, निर्माण और बिक्री के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। थाना जामड़ोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिना किसी वैध अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के पटाखे बेच रहे एक दुकानदार को धर दबोचा और मौके से भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा (IPS) के निर्देशन में अवैध विस्फोटक पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन और एसीपी आदर्श नगर जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में जामड़ोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में सहायक उपनिरीक्षक शिवदयाल सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार तथा कांस्टेबल सूरज व राजेन्द्र सिंह शामिल रहे।
प्रेम डेंटल क्लीनिक के सामने चल रही थी दुकान
जामड़ोली पुलिस टीम जब इलाके में गश्त व चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना के आधार पर विजयपुरा रोड स्थित प्रेम डेंटल क्लीनिक के सामने संचालित एक पटाखा दुकान पर दबिश दी गई। जांच के दौरान संचालक के पास कोई स्थायी या अस्थायी लाइसेंस अथवा परमिशन नहीं मिली।
पुलिस ने मौके से 38 अलग-अलग लेबल के करीब ₹50,000 की कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए। आरोपी दुकानदार प्रमोद कुमार शर्मा (34 वर्ष) पुत्र मोहन लाल शर्मा, निवासी 76-ए, रूकमणी नगर डी, विजयपुरा (जामड़ोली) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 287, 288 तथा भारतीय विस्फोटक अधिनियम-1884 की धारा 5/9-ख के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस की व्यापारियों से अपील:
डीसीपी जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि पटाखों का क्रय-विक्रय केवल वैध लाइसेंस व तय सुरक्षा मानकों के तहत ही करें। अवैध भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments
Post a Comment