प्रॉपर्टी और क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 100 करोड़ की ठगी: मुख्य आरोपी साथी सहित गिरफ्तार, मर्सिडीज कार और 1 करोड़ की FD जब्त
प्रॉपर्टी और क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 100 करोड़ की ठगी: मुख्य आरोपी साथी सहित गिरफ्तार, मर्सिडीज कार और 1 करोड़ की FD जब्त जयपुर (विशेष संवाददाता): जयपुर दक्षिण के सोडाला थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी और क्रिप्टो करेंसी (USDT) में निवेश के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की मर्सिडीज कार (Mercedes E 450) और ट्रायम्फ मोटरसाइकिल (TRIUMPH STREET TRIPLE) जब्त की है, साथ ही ठगी की रकम से कराई गई 1 करोड़ रुपये की बैंक एफडी (FD) को भी फ्रीज करवाया है। इनामी आरोपियों को गुड़गांव से दबोचा पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी मोहित कालोया (27) को गुड़गांव से गिरफ्तार किया। मोहित पर 2000 रुपये का इनाम घोषित था। उसकी निशानदेही और पूछताछ के आधार पर उसके रिश्तेदार व सहयोगी घनश्याम कांदेल (35) को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। ...