प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में गर्भवती महिला की हत्या कर शव ज़मीन में गाड़ा, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार
प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में गर्भवती महिला की हत्या कर शव ज़मीन में गाड़ा, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार
अवैध संबंधों के शक में वारदात को दिया अंजाम, शव दबाकर सामोद बालाजी पदयात्रा पर चला गया था आरोपी
जयपुर (विशेष संवाददाता)।
बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में एक गर्भवती महिला की गला दबाकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को ज़मीन में गाड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिंदायका थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी लिव-इन पार्टनर को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से गिरफ्तार कर लिया है।
प्लाट के चौक में दबा मिला शव
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण (IPS) ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:00 बजे सूचना मिली थी कि सिवार मोड़ स्थित प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी के प्लाट नंबर 160 में एक शव मिट्टी में दबा हुआ है। सूचना पर पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण, सहायक पुलिस आयुक्त (बगरू) धर्मेंद्र कुमार और बिंदायका थानाधिकारी अनिल कुमार जैमिनी एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एफएसएल टीम की मदद से मिट्टी से शव बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान किरण रावत के रूप में हुई। पुलिस ने एफएसएल के जरिए मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजकीय कांवटिया अस्पताल (शास्त्री नगर) के मुर्दाघर में रखवाया। प्लाट मालिक कृष्ण कुमार मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 238(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अवैध संबंधों के शक में की हत्या
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ हग्गु (20 वर्ष), निवासी बाराबंकी (उत्तर प्रदेश), अपनी रिश्ते में चाची लगने वाली मृतका किरण रावत के साथ लिव-इन में रह रहा था। आरोपी को किरण का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने 23 सितंबर को एक हाथ से महिला का गला दबाया तथा दूसरे हाथ से नाक व मुंह पर कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद पदयात्रा में हुआ शामिल
हत्या करने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के इरादे से महिला के शव को मकान के चौक में मिट्टी खोदकर गाड़ दिया। इसके बाद आरोपी बेखौफ होकर सामोद बालाजी की पैदल यात्रा में शामिल हो गया। 24 से 26 सितंबर तक वह अपनी फैक्ट्री/कार्यस्थल पर काम करता रहा। 27 सितंबर को जब हत्या का खुलासा होने की आशंका हुई, तो वह फैक्ट्री मालिक से 500 रुपये उधार लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन तथा एसीपी बगरू के मार्गदर्शन में थानाधिकारी अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी का रूट चार्ट तैयार किया। पुलिस टीम ने आरोपी को पीछा करते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से दबोच लिया।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
आरोपी को ट्रेस कर पकड़ने में बिंदायका थाने के सूचना अधिकारी कांस्टेबल श्री राम (12117) तथा कांस्टेबल सुनील सिंह (7233) की विशेष भूमिका रही। टीम में थानाधिकारी अनिल जैमिनी, हेड कांस्टेबल शंकर लाल, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल राज महेंद्र सिंह शामिल रहे। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।
Comments
Post a Comment