सांगानेर सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर नकबजन राजू उर्फ अर्जुन गिरफ्तार, चोरी का 100% माल बरामददो दर्जन से अधिक चोरी और नकबजनी के मामलों में पहले से चालानशुदा है आरोपी
सांगानेर सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर नकबजन राजू उर्फ अर्जुन गिरफ्तार, चोरी का 100% माल बरामद
दो दर्जन से अधिक चोरी और नकबजनी के मामलों में पहले से चालानशुदा है आरोपी
जयपुर (विशेष संवाददाता)।
जयपुर दक्षिण पुलिस कमिश्नरेट के सांगानेर सदर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 100 प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में दो दर्जन से अधिक चोरी और नकबजनी के मामलों में चालान हो चुके हैं।
बंद मकान को बनाया था निशाना
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के अनुसार, परिवादी नवीन गौतम निवासी गुरुगोविंद नगर, श्रीराम की नांगल (सांगानेर) ने 28 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 सितंबर को वे अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। 27 सितंबर की शाम जब वे वापस लौटे तो कमरे के ताले टूटे मिले और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण व घरेलू सामान गायब था। इस पर पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़ा गया आरोपी
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (चाकसू) भवानी सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी संसाधनों तथा मुखबिरों की मदद से संदिग्ध की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू उर्फ अर्जुन (27) पुत्र लड्डूलाल शर्मा, निवासी नसिया जी कॉलोनी, थाना देही (जिला बूंदी) हाल खानबदोश (सांगानेर पुलिया के नीचे) को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफलता में सांगानेर सदर थाने के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हेमराज, कांस्टेबल नरेश कुमार, रामावतार, संदीप कुमार, प्रेम चौधरी, इकराम और हनुमान की सराहनीय भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
Comments
Post a Comment