प्रशिक्षण स्थल से मतदान दल को बिना सूचना नदारद हुए सहायक मतदान अधिकारी निलंबित, 18 अन्य कार्मिकों को नोटिस
प्रशिक्षण स्थल से मतदान दल को बिना सूचना नदारद हुए सहायक मतदान अधिकारी निलंबित, 18 अन्य कार्मिकों को नोटिस
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत होगा मुकदमा दर्ज
जयपुर, 13 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले की चार पंचायत समितियों (जमवारामगढ़, आंधी, बस्सी एवं तूंगा) में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार को प्रशिक्षण स्थल श्री भवानी निकेतन के फार्मेसी कॉलेज परिसर से संबंधित पंचायत मुख्यालयों पर स्थित मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बताया कि पंचायत समिति आंधी के मतदान दल में सहायक मतदान अधिकारी-प्रथम के पद पर नियुक्त एक कार्मिक हस्ताक्षर करने के बाद मतदान दल के टेंट से बिना किसी सूचना के फोन बंद कर नदारद हो गया। टेंट में नियुक्त अधिकारियों द्वारा माइक पर बार-बार आवाज लगाने के बावजूद उक्त कार्मिक उपस्थित नहीं हुआ। इस पर संबंधित कार्मिक को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13 के तहत निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय कार्यालय संभागीय संस्कृत शिक्षा अधिकारी, जयपुर संभाग, जयपुर निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही अनुपस्थित 18 अन्य कार्मिकों को लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 एवं राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 के तहत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे राजकीय महत्व के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे कार्मिकों के विरुद्ध शीघ्र ही अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 (1क) के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा भी दर्ज करवाया जा सकता है।
—————
Comments
Post a Comment