जयपुर। पुलिस थाना कोतवाली जयपुर उत्तर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 माह पुरानी करीब 12 लाख रुपये की नकबजनी की वारदात का खुलासा किया है।
जयपुर। पुलिस थाना कोतवाली जयपुर उत्तर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 माह पुरानी करीब 12 लाख रुपये की नकबजनी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने एक अभ्यस्त शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 लाख रुपये का चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशानुसार रात्रि गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। उसकी पहचान राकेश चौहान के रूप में हुई। राजस्थान पुलिस के राजकॉप ऐप से जांच करने पर उसके खिलाफ चोरी और नकबजनी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने करीब 10 माह पूर्व गणगौरी बाजार स्थित एक दुकान में हुई 12 लाख रुपये की नकबजनी की वारदात कबूल कर ली। यह वारदात चीनी की बुर्ज, छोटी चौपड़ क्षेत्र की एक दुकान में हुई थी, जहां से नकदी और तेल के पीपे चोरी किए गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी छह माह पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसने जयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों, जिनमें रामगंज और संजय सर्किल शामिल हैं, में कई चोरी और नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
चोरी का तरीका
पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय चोरी की स्कूटी का उपयोग करता था। वह अपने साथ पेचकस, सरिया और अन्य औजार रखता था। बाजारों में दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता और नकदी व सामान चोरी कर फरार हो जाता था। वारदात के बाद वह स्कूटी को कहीं छोड़ देता और दूसरी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल करता था।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी राकेश चौहान पुत्र सुरेन्द्र सिंह, उम्र 40 वर्ष, मूल निवासी झापड़ाबास थाना सिकंदरा जिला दौसा तथा वर्तमान निवासी आनंद विहार, दादी का फाटक, करधनी जयपुर है।
पुलिस ने आरोपी से अब तक 4 लाख रुपये की नकदी एवं सामान बरामद कर लिया है। शेष चोरी का माल बरामद करने और अन्य वारदातों के खुलासे के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है।




Comments
Post a Comment