जयपुर पुलिस आयुक्त ने मालवीय नगर थाने में की जनसुनवाई, परिवादियों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
जयपुर पुलिस आयुक्त ने मालवीय नगर थाने में की जनसुनवाई, परिवादियों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
जयपुर, 13 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने शनिवार को मालवीय नगर थाने में जनसुनवाई आयोजित कर क्षेत्रवासियों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आमजन को राहत प्रदान करने के लिए थाना स्तर पर प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवादियों की शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए निश्चित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान आपसी मुकदमे, पारिवारिक विवाद, भूमि एवं मकान कब्जे से जुड़े मामले, अवैध अतिक्रमण, चोरी, मारपीट सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस आयुक्त ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मालवीय नगर सर्किल के मालवीय नगर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, खोह नागोरियान और बजाज नगर थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त के समक्ष रखीं और समाधान प्राप्त किया।
जनसुनवाई की विशेषता यह रही कि कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि जटिल मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी पुलिस आयुक्त द्वारा झोटवाड़ा, सांगानेर, शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमूं, आमेर, रामगंज और चित्रकूट क्षेत्रों में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।
इस दौरान विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशंस) ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पूर्व अशोक सिंघल, सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद कुमार शर्मा सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment