राजस्थान राजसमंद,6 साल से वेतन नहीं, पंचायत के खिलाफ फूटा गुस्सा: बामन टुकड़ा पंचायत मुख्यालय पर परिजनों ने कराया मुंडन*
---------------------------
राजसमंद। पंचायत समिति राजसमंद की ग्राम पंचायत बामन टुकड़ा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पंचायत में कार्यरत चपरासी के कथित रूप से पिछले छह वर्षों से लंबित वेतन के विरोध में परिजनों ने पंचायत मुख्यालय के बाहर मुंडन कराकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पंचायत तंत्र पर गंभीर लापरवाही तथा अन्याय का आरोप लगाया।
पीड़ित चपरासी पंडित रतनलाल प्रजापत का कहना है कि वे अपने बकाया वेतन के लिए पिछले कई वर्षों से पंचायत अधिकारियों, जिला प्रशासन और राज्य सरकार तक लगातार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें उनका हक नहीं मिला। उनका आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण उनका परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
वेतन भुगतान नहीं होने से आक्रोशित परिजनों ने पंचायत भवन के बाहर सिर मुंडवाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब एक श्रमिक को अपनी मेहनत की कमाई के लिए वर्षों तक संघर्ष करना पड़े, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रकाश प्रजापत ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक व्यक्ति के वेतन की नहीं, बल्कि मजदूर और कर्मचारी वर्ग के सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा जिला मुख्यालय से लेकर जयपुर और दिल्ली तक संघर्ष किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने पंचायती राज मंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित वेतन का भुगतान करवाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक रतनलाल प्रजापत को उनका पूरा बकाया वेतन नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बनते हुए पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Comments
Post a Comment