चोरी की कारों को 'एक्सीडेंटल' गाड़ियों के पार्ट्स लगाकर बाजार में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार​भांकरोटा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की स्विफ्ट कार, खुला इंजन और दुर्घटनाग्रस्त कार का ढांचा जब्त​ऑनलाइन एप (OLX) के जरिए सस्ती दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां खरीदकर, उनके चेसिस और इंजन नंबर चोरी के वाहनों में वेल्डिंग कर बेचते थे आरोपी

चोरी की कारों को 'एक्सीडेंटल' गाड़ियों के पार्ट्स लगाकर बाजार में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

  • ​भांकरोटा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की स्विफ्ट कार, खुला इंजन और दुर्घटनाग्रस्त कार का ढांचा जब्त
  • ​ऑनलाइन एप (OLX) के जरिए सस्ती दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां खरीदकर, उनके चेसिस और इंजन नंबर चोरी के वाहनों में वेल्डिंग कर बेचते थे आरोपी

​जयपुर (देश का दर्पण न्यूज़)। जयपुर पश्चिम की भांकरोटा थाना पुलिस ने वाहन चोरों और चोरी के वाहनों को खपाने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य खरीदार व मिस्त्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भांकरोटा इलाके से चोरी हुई स्विफ्ट कार, उसका निकाला गया असली इंजन और एक अन्य दुर्घटनाग्रस्त कार की बॉडी व चेसिस जब्त किए हैं। यह गिरोह चोरी की गाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के इंजन, चेसिस नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन नंबर लगाकर उन्हें असली दस्तावेजों के साथ ग्राहकों को बेच देता था।

​यह था पूरा मामला

डीसीपी (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को केशोपुरा, अजमेर रोड निवासी गौरीशंकर ने भांकरोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार (नंबर RJ60CH9088) चुरा ले गए हैं। बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों को देखते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता और एसीपी (बगरू) धर्मेंद्र शर्मा के सुपरविजन तथा भांकरोटा थानाधिकारी दीपक त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​सीसीटीवी फुटेज से खुला हरियाणा गैंग का राज

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और चोरों का रूट चार्ट तैयार किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूर्व में हरियाणा गैंग के मुख्य सरगना योगेश यादव उर्फ कालू को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि योगेश और उसके साथी बलराज उर्फ बल्लू ने 26 सितंबर की रात यह कार चोरी की थी और इसे वाहन चोरों से गाड़ियां खरीदने वाले विक्की मंगवानी को बेच दिया था। विक्की ने यह कार आगे किशनपोल बाजार (जयपुर) निवासी जावेद अहमद कुरैशी (35) को बिना किसी दस्तावेज के बेच दी। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी जावेद अहमद कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी विक्की मंगवानी और अन्य साथियों की तलाश जारी है।

​ऐसे देते थे धोखाधड़ी को अंजाम (मोडस ऑपरेंडी)

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिराना तरीके से काम करता था। आरोपी पहले OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए उसी कंपनी और मॉडल की कोई सस्ती व दुर्घटनाग्रस्त (एक्सीडेंटल) कार उसके असली कागजों के साथ खरीदते थे। इसके बाद गैराज में ले जाकर चोरी की गई नई कार का इंजन खोल लिया जाता था और उसकी जगह खरीदी गई दुर्घटनाग्रस्त कार का इंजन व रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगा दी जाती थी। यही नहीं, आरोपी दुर्घटनाग्रस्त कार की चेसिस नंबर प्लेट को काटकर चोरी की कार में वेल्डिंग कर देते थे।

​कार पूरी तरह तैयार होने के बाद, वे खरीदी गई दुर्घटनाग्रस्त कार के असली कागजों के आधार पर उस चोरी की गाड़ी को OLX या कार बाजार में ऊंचे दामों पर बेच देते थे। आरटीओ (RTO) से बाकायदा नाम ट्रांसफर होने के कारण खरीदार को भी इस फर्जीवाड़े की भनक नहीं लगती थी।

​कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में भांकरोटा थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) रामविलास डोई, कांस्टेबल बाबूलाल, नानगराम, जगन्नाथ, प्रमोद कुमार और चालक कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे।  

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

सावधान एक गलत गुगल सचॅ आपको बना सकता है कगांल।15/8/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।