अक्षय पात्र मंदिर के पास हुई 42 लाख की बैंक डकैती का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 4 लाख कैश और पिस्टल बरामदरामनगरिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डकैती कांड में अब तक 38 लाख रुपये रिकवरकोटा और कोयम्बटूर में फरारी काट रहा था मुख्य आरोपी मस्तराम उर्फ मस्तीजयपुर।
अक्षय पात्र मंदिर के पास हुई 42 लाख की बैंक डकैती का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 4 लाख कैश और पिस्टल बरामद
रामनगरिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डकैती कांड में अब तक 38 लाख रुपये रिकवर
कोटा और कोयम्बटूर में फरारी काट रहा था मुख्य आरोपी मस्तराम उर्फ मस्ती
राजधानी जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में 14 सितंबर को अक्षय पात्र मंदिर के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से हुई 42 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जयपुर ईस्ट पुलिस ने मामले के मुख्य सूत्रधार (मास्टरमाइंड) मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से डकैती की बकाया राशि में से 4 लाख रुपये कैश, एक देशी पिस्टल, 2 मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस इस मामले में अब तक कुल 38 लाख रुपये रिकवर कर चुकी है।
रेकी के बाद वारदात को दिया था अंजाम
डीसीपी (जयपुर ईस्ट) रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि 14 सितंबर 2026 को हथियारबंद बदमाशों ने एटीएम से कैश निकालकर ला रहे बैंक कर्मचारियों से पिस्तौल की नोक पर करीब 42 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी पारसमल जैन और एसीपी सांगानेर दीपक खंडेलवाल के निर्देशन में रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच और रूट मैप तैयार करने के बाद सामने आया कि बदमाशों ने पूरी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। बैंक के अनुसार एटीएम से कैश निकालने का समय निश्चित न होकर रैंडम था और लगातार तीन दिनों की छुट्टियों के कारण एटीएम में काफी नकदी एकत्र थी।
कई शहरों में काटी फरारी
मास्टरमाइंड मस्तराम उर्फ मस्ती (28) वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए कोटा और तमिलनाडु के कोयम्बटूर सहित अलग-अलग ठिकानों पर फरारी काट रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर उसे जयपुर के इंदिरा गांधी नगर क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फ़रोख्त और शेष बची राशि के संबंध में सघन पूछताछ की जा रही है।
मामले में अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार:
अंशु कुमार जाटव (22) निवासी भरतपुर (गिरफ्तारी: 16 सितंबर)
सुमित जंगम (26) निवासी करौली (गिरफ्तारी: 23 सितंबर)
पुष्पेंद्र मीणा (28) निवासी करौली (गिरफ्तारी: 23 सितंबर)
मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती (28) निवासी करौली (मुख्य आरोपी, गिरफ्तारी: 5 अक्टूबर)
नागरिकों से अपील
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530425862 पर दें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
Comments
Post a Comment