ज्वैलर की आंखों में मिर्च डालकर चांदी लूटने वाले 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार



ज्वैलर की आंखों में मिर्च डालकर चांदी लूटने वाले 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार
जयपुर (विशेष संवाददाता)। राजधानी के जामडोली थाना क्षेत्र में ज्वैलर से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।  
आंख में मिर्च डालकर की थी लूट
जामडोली थाना पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब 8:00 से 8:30 बजे के बीच पीड़ित ज्वैलर आकाश खंडेलवाल अपनी दुकान बंद करके स्कूटी से घर लौट रहे थे। जामडोली फोर्ट के पास बिना नंबरी मोटरसाइकिल पर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी आंखों में सूखी लाल मिर्च फेंक दी और चांदी के आभूषणों से भरा हैंडबैग छीनकर फरार हो गए।  
विशेष टीम ने सीसीटीवी खंगाले
डीसीपी (जयपुर ईस्ट) रंजीता शर्मा के निर्देशन और एडिशनल डीसीपी पारस जैन, एसीपी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह काविया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की।  
चोरी की बाइक से दी थी वारदात को अंजाम
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया:  
राहुल गुर्जर (19 वर्ष), निवासी हनुमान नगर, भाबरू (जयपुर ग्रामीण)।  
अंकित सैनी उर्फ गोलू (19 वर्ष), निवासी टहला (अलवर), हाल किराएदार जतन विहार (जयपुर)।  
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 जोड़ी चांदी की चरकी, 2 जोड़ी चांदी की पायल और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह बाइक प्रताप नगर थाने क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसका मामला पहले से दर्ज था।  
तीसरे साथी की तलाश जारी
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कालूराम और कांस्टेबल महेश कुमार की विशेष भूमिका रही। मामले में शामिल तीसरे फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।  
पुलिस की अपील:
जयपुर ईस्ट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530425862 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।

सावधान एक गलत गुगल सचॅ आपको बना सकता है कगांल।15/8/19