जयपुर पुलिस व DST की बड़ी कार्रवाई: नो-पार्किंग में खड़े अवैध बजरी के 8 ट्रक जब्त, 4 पर 5 लाख का जुर्माना
जयपुर। जयपुर-दिल्ली बाईपास एवं अजमेर-दिल्ली बाईपास पर अवैध खनन व बजरी के अवैध परिवहन के खिलाफ जयपुर पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नो-पार्किंग जोन में अवैध रूप से पार्क किए गए बजरी से भरे 8 ट्रकों को जब्त किया है।
अचानक दबिश देकर की गई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (जिला जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण (IPS) ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुरलीपुरा थाना इलाके में बाईपास पर नो-पार्किंग में बजरी से भरे ट्रक खड़े होने की मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन में मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील और डीएसटी प्रभारी गणेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने मौके पर अचानक रेड डालकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अवैध रूप से बजरी परिवहन करने पर 08 ट्रकों को बजरी सहित जब्त कर लिया।
खनिज विभाग को सौंपी रिपोर्ट, 5 लाख रुपये का जुर्माना
कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरी रिपोर्ट खनिज विभाग (Mining Department) को सौंप दी है। जांच के दौरान 04 ट्रक चालकों के पास बजरी से संबंधित कोई वैध परमिट या रॉयल्टी रसीद नहीं पाई गई। बिना वैध दस्तावेजों के अवैध परिवहन करने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रति ट्रक 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक गोदराज, सहायक उप निरीक्षक बजरंगलाल, हेड कांस्टेबल शिवराम (530), कांस्टेबल बलराम (8825) तथा जयपुर पश्चिम की DST टीम शामिल रही।
पुलिस की चेतावनी:
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर नो-पार्किंग में अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों और अवैध बजरी खनन/परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
Comments
Post a Comment