जयपुर , ई-रिक्शा में सवारी बनकर महिला का बैग काटने वाली गुजराती गैंग की तीन शातिर महिलाएं गिरफ्तार
ई-रिक्शा में सवारी बनकर महिला का बैग काटने वाली गुजराती गैंग की तीन शातिर महिलाएं गिरफ्तार
पेचकस नुमा हथियार दिखाकर चेहरा बिगाड़ने और जान से मारने की धमकी देकर लूटे थे एक लाख रुपये
लालकोठी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना पर दबोचा, 20 हजार रुपये नकद बरामद
जयपुर। ई-रिक्शा में महिला यात्रियों के साथ बैठकर उनके बैग से नकदी व जेवरात पार करने और विरोध करने पर धारदार हथियार से डराकर भागने वाली शातिर गुजराती गैंग की तीन महिलाओं को लालकोठी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में बढ़ती चोरी व लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त (गांधीनगर) नारायण कुमार बाजिया के सुपरविजन में लालकोठी थानाधिकारी श्यामसुंदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
न्यू गेट के पास दिया था वारदात को अंजाम
प्रकरण के अनुसार, परिवादिया ने 17 नवंबर को लालकोठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह हल्दियों के रास्ते से ई-रिक्शा में बैठकर अजमेरी गेट जा रही थी। रास्ते में तीन महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। न्यू गेट के पास पहुंचने पर परिवादिया को आभास हुआ कि साथ बैठी एक महिला उसके हैंडबैग से रुपये निकाल रही है। जब पीड़िता ने रिक्शा रुकवाकर उसका हाथ पकड़ा, तो अन्य दो महिलाओं ने पेचकस नुमा धारदार हथियार निकाल लिया और गाल पर चीरा लगाकर चेहरा बिगाड़ने व पेट में घोंपकर जान से मारने की धमकी दी। तीनों महिलाएं गुजराती भाषा में बात कर रही थीं और पीड़िता के बैग से एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गईं।
200 फीट बाईपास पुलिया के नीचे रह रही थीं आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम (एएसआई मनोज कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह व महिला कांस्टेबल मनीषा) ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मूलतः साबरमती (अहमदाबाद, गुजरात) निवासी व हाल 200 फीट बाईपास पुलिया के नीचे (अजमेर रोड) खानाबदोश जीवन व्यतीत कर रही पुष्पा (26), मनीषा (23) और भूरी (28) को गिरफ्तार कर लिया।
Comments
Post a Comment