वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का ऐतिहासिक सरोवर तालाब ए शाही के तट से हुआ आगाज,अभियान में आत्मीय सहभागिता निभाते हुए जन अभियान बनाएं - प्रभारी सचिव
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का ऐतिहासिक सरोवर तालाब ए शाही के तट से हुआ आगाज,
अभियान में आत्मीय सहभागिता निभाते हुए जन अभियान बनाएं - प्रभारी सचिव
देश का दर्पण न्यूज़,धौलपुर(धर्मेन्द्र बिधौलिया ) 5 जून।
गंगा दशमी एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का उत्सवमयी जिला स्तरीय शुभारंभ जिला प्रभारी सचिव पी रमेश के मुख्य आतिथ्य में तालाब ए शाही के तट पर हुआ। प्रभारी सचिव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन तथा कलश पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव पी रमेश ने प्रदेश भर में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को प्रदेश के लिए सर्वाेपरि जरूरत बताया और कहा कि इससे जल संरक्षण के प्रति व्यापक चेतना का संचार होगा। उन्होंने आमजन को इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अभियान को आशातीत सफल बनाने के लिए समर्पित सहभागिता अदा करने पूरे मन से आगे आएं और धौलपुर में जल संरक्षण का सुनहरा इतिहास कायम करें। इस अभियान से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन और इनकी साफ-सफाई को सम्बल प्राप्त होगा।
इस अवसर पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि जल एक अहम संसाधन है। हमें बस जल निकायों का संरक्षण करना है, जल स्वयं इन स्रोतों में संरक्षित हो जाएगा। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत संकल्प है। उन्होंने जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संग्रहण को प्रोत्साहन, पारंपरिक जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण को जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान अत्यंत सफल रहा, जिसके तहत राज्य भर में 7 करोड़ पौधे लगाए गए। इस वर्ष हरियालो राजस्थान के संकल्प को और अधिक विस्तारित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें बचाने के प्रयास किए जाएंगे।
जल संरक्षण के संकल्प की दिलाई शपथ
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने अभियान को जल संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह अभियान आमजन की भागेदारी से जल स्रोतों को संरक्षित एवं पुनजीर्वित करने में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा।
तालाबशाही तट पर किया गया पौधारोपण
कार्यक्रम के समापन के साथ जिला प्रभारी सचिव, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा, सीईओ जिला परिषद, उप वन संरक्षक वी चेतन कुमार सहित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने तालाबशाही तट पर पौधारोपण कर पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ का संदेश भी दिया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में जल एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रदूषण मुक्त परिवेश के लिए संदेश दिए गए। कार्यक्रम से पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण पर निबंध, कविता एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराई।
मातृशक्ति को बांटे तुलसी के पौधे
इस अवसर पर प्रभारी सचिव सहित जिला कलक्टर ने श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान के तहत मातृशक्ति को तुलसी के पौधे भेंट किए गए, ताकि वे अपने परिवार और समाज में हरियाली एवं समृद्धि का संदेश प्रसारित करें।
जिले में ब्लॉक व पंचायतों पर भी आयोजित हुए कार्यक्रम
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले के सभी ब्लॉक व ग्राम पंचायतों पर भी कलश यात्रा व जल स्त्रोतों के पूजन, पौधारोपण, सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।
इस अवसर पर एसडीएम बाड़ी भगवत शरण त्यागी, पूर्व एमएलए सुखराम कोली, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर, उपाध्यक्ष धीर सिंह जादौन, अभियान के भाजपा जिला संयोजक श्रवण वर्मा, प्रधान पंचायत समिति अजय परमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment