जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 300 किमी पीछा कर ट्रैक्टर-टैंकर चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार
जयपुर (विशेष संवाददाता)।
जयपुर उत्तर पुलिस जिला अंतर्गत आमेर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया महिंद्रा ट्रैक्टर मय टैंकर बरामद कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और लगभग 300 किलोमीटर तक पीछा कर भीलवाड़ा से दबोचा।
देर रात दिया था चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) श्री करन शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि पीड़ित अजय (34) निवासी कुंडा आमेर (हाल किरायेदार नारदपुरा) ने आमेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 6 अक्टूबर को उसने अपना महिंद्रा 475 DI MKM ट्रैक्टर (RJ 14 RF 7660) मय टैंकर नारदपुरा स्टैंड के पास खड़ा किया था। देर रात करीब 2:30 बजे ट्रैक्टर स्टार्ट होने की आवाज सुनकर जब वह बाहर आया, तो एक अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर-टैंकर को कुंडा की तरफ ले जाता दिखा। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
150 सीसीटीवी खंगाले, 300 किमी पीछा कर दबोचा
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (आमेर) प्रतीक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेंद्र कुमार गोदारा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक किए, जिसमें एक व्यक्ति देर रात ट्रैक्टर ले जाता नजर आया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने करीब 300 किलोमीटर तक संदिग्धों और ट्रैक्टर का पीछा किया। पीछा करते हुए पुलिस टीम भीमगंज (भीलवाड़ा) पहुंची, जहां भीलवाड़ा पुलिस के सहयोग से दो संदिग्धों को ट्रैक्टर-टैंकर के साथ देखा गया। दोनों आरोपी चोरी के ट्रैक्टर-टैंकर को बेचने की फिराक में खड़े थे।
इंजन व चेसिस नंबर से हुई पुष्टि
पुलिस ने मौके से दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और ट्रैक्टर के इंजन तथा चेसिस नंबर का मिलान किया। मिलान सही पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
* पियूष गौयर (32) पुत्र प्रेमचंद गौयर, निवासी - रामगंज, जयपुर।
* कैलाश मीणा (41) पुत्र डूंगाराम मीणा, निवासी - पीली की तलाई, आमेर, जयपुर।
पुलिस फिलहाल आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के खुलने की संभावना है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार गोदारा (निरीक्षक), धारासिंह (एचसी), दिनेश कुमार (कांस्टेबल) एवं दुर्गाप्रसाद (कांस्टेबल) की सराहनीय भूमिका रही।
Comments
Post a Comment