जयपुर: पत्रकार कॉलोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कारों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का खुलासा; तीन गिरफ्तार
जयपुर: पत्रकार कॉलोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कारों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का खुलासा; तीन गिरफ्तार
जयपुर।
जयपुर दक्षिण की पत्रकार कॉलोनी पुलिस, सीएसटी (CST) और डीएसटी (DST) की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों और चोरी की कार खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की हुई क्रेटा (Creta) कार और वारदात में इस्तेमाल की गई i20 कार बरामद कर ली गई है।
500 से अधिक CCTV कैमरों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि जिला जयपुर दक्षिण इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन में पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी कविता यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
टीम ने घटनास्थल से लेकर अजमेर रोड तक लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा नंबर की i20 कार से रेकी करने आते थे। कार चोरी करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसे इधर-उधर घुमाकर सुनसान जगह पर खड़ा कर देते थे और खुद लग्जरी होटलों में ठहरा करते थे।
यह था मामला
पत्रकार कॉलोनी निवासी प्रमीला ने 28 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर की रात उनके फ्लैट के बाहर खड़ी क्रेटा कार (RJ 45 CP 3433) चोरी हो गई है। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी सहायता व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को ट्रेस कर हिरासत में लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
* योगेश कुमार उर्फ काला (उम्र 28 वर्ष) - निवासी जसौरखेड़ी, थाना आसौदा, जिला झज्जर (हरियाणा)।
* बलराज उर्फ बल्लू (उम्र 33 वर्ष) - निवासी गांव कसरेन्टी, थाना सांपला, जिला रोहतक (हरियाणा)।
* रिजवान बेग (उम्र 30 वर्ष, चोरी का वाहन खरीदने वाला) - निवासी जवाहर कॉलोनी, परबतपुरा बाईपास, थाना आदर्श नगर, जिला अजमेर (राजस्थान)।
भांकरोटा इलाके से भी चुराई थी स्विफ्ट कार
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने पत्रकार कॉलोनी से क्रेटा कार चुराने के अलावा 26 सितंबर 2026 की रात थाना भांकरोटा क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार (RJ 60 CH 9088) चुराने की बात भी कबूल की है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
Comments
Post a Comment