एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत जयपुर पुलिस की व्यापक कार्रवाई,चारों जिलों में 191 पुलिस टीमों ने 680 स्थानों पर की चेकिंग,विभिन्न मामलों में कुल 339 आरोपियों को किया गिरफ्तार
*एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत जयपुर पुलिस की व्यापक कार्रवाई*
*चारों जिलों में 191 पुलिस टीमों ने 680 स्थानों पर की चेकिंग*
*विभिन्न मामलों में कुल 339 आरोपियों को किया गिरफ्तार*
*170 बीएनएसएस के तहत 217 आरोपियों की गिरफ्तारी, जिलेवार हुई प्रभावी कार्रवाई*
जयपुर, 19 नवंबर। जयपुर पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन तथा स्पेशल पुलिस कमिश्नर श्री ओम प्रकाश के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए 18 नवंबर को कमिश्नरेट के चारों जिलों में एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 191 पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 680 स्थानों पर चेकिंग की तथा विभिन्न मामलों में कुल 339 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर श्री ओम प्रकाश ने बताया कि अभियान के तहत जयपुर पूर्व में 58 टीमों द्वारा 252 स्थानों, जयपुर पश्चिम में 49 टीमों द्वारा 184 स्थानों, जयपुर उत्तर में 50 टीमों द्वारा 105 स्थानों तथा जयपुर दक्षिण में 34 टीमों द्वारा 139 स्थानों पर चेकिंग की गई।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अभियान के दौरान जयपुर पूर्व जिले में सर्वाधिक 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, जयपुर पश्चिम में 66, जयपुर उत्तर में 83 तथा जयपुर दक्षिण में 50 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।उन्होंने बताया कि इस प्रकार चारों जिलों में कुल 339 आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 170 बीएनएसएस के तहत कुल 217 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही, वांछित अपराधियों, वारंटियों तथा विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों द्वारा आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य अधिनियमों से संबंधित मामलों में भी कार्रवाई की गई।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जयपुर पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम, वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
Comments
Post a Comment