सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला आदतन अपराधी 'डी.के. गुर्जर' साथी सहित गिरफ्तारबूम बैरियर तोड़ने और टोल कर्मियों पर जानलेवा हमला करने का था आरोप
सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला आदतन अपराधी 'डी.के. गुर्जर' साथी सहित गिरफ्तार
सांगानेर सदर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबरी कैंपर गाड़ी जब्त
जयपुर (देश का दर्पण न्यूज़)
राजधानी के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र स्थित सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर आधी रात को बूम बैरियर तोड़कर टोल कर्मियों पर फायरिंग करने के मामले में जयपुर दक्षिण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी एवं आदतन अपराधी धनराज गुर्जर उर्फ डी.के. गुर्जर (36) निवासी सूरजपुरा (सांगानेर सदर) तथा उसके साथी बनवारी लाल मीणा उर्फ बन्नू चांदा (24) निवासी कोटखावदा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की बिना नंबरी महिंद्रा कैंपर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
यह था पूरा घटनाक्रम
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 19 नवंबर को सीतारामपुरा टोल प्लाजा के सहायक मैनेजर भूरी सिंह राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब 12 बजे वाटिका की तरफ से एक सफेद रंग की बिना नंबरी कैंपर गाड़ी तेज रफ्तार में टोल प्लाजा की लेन नंबर 23 में घुसी और बूम बैरियर तोड़ते हुए बगरू की ओर निकल गई। महज 5 से 7 मिनट बाद वही गाड़ी वापस घूमकर टोल पर आई और बंद पड़ी लेन नंबर 3 के स्टॉपर तोड़ते हुए बूम बैरियर के पास जा रुकी।
आवाज सुनकर टोल कर्मी अभिषेक और विपिन मौके पर दौड़कर पहुंचे। कैंपर चालक ने खुद को 'डी.के. गुर्जर' बताते हुए तुरंत बूम हटाने को कहा। जैसे ही टोल कर्मी विपिन बूम हटाने लगा, चालक डी.के. गुर्जर ने टोल कर्मियों को डराने और जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी और गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी सहायता से दबोचे गए आरोपी
टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग से आमजन में फैली दहशत को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के निर्देशन व एसीपी चाकसू भवानी सिंह के मार्गदर्शन में सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा और डीएसटी दक्षिण प्रभारी विशम्भर दयाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने एफएसएल मोबाइल यूनिट के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों के भागने का रूट चार्ट तैयार किया गया। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी डी.के. गुर्जर और उसके साथी बनवारी उर्फ बन्नू को धर दबोचा। इस कार्रवाई में एसआई धर्मवीर सिंह, एएसआई रामावतार व हेमराज सहित कांस्टेबल सन्दीप व रामवतार (10019) की विशेष भूमिका रही।
हिस्ट्रीशीटर जैसा है मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी धनराज गुर्जर उर्फ डी.के. गुर्जर एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ जयपुर पूर्व और दक्षिण के रामनगरिया, मानसरोवर, शिवदासपुरा, बस्सी और सांगानेर सदर थानों में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, अपहरण और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में पहले से 5 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से चार में चालान पेश हो चुका है।
Comments
Post a Comment