राजसमंद, बीएन कॉलेज में गूँजा निर्वाचन साक्षरता का संदेश : छात्राओं ने मतदान प्रक्रिया की बारीकियों को समझा
राजसमंद,
बीएन कॉलेज में गूँजा निर्वाचन साक्षरता का संदेश :
छात्राओं ने मतदान प्रक्रिया की बारीकियों को समझा
राजसमंद जिला मुख्यालय पर स्थित बीएन कॉलेज में निर्वाचन साक्षरता महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों ने युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनने को प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, राजसमन्द ब्रजमोहन बैरवा ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए मतदान संबंधी गतिविधियों और जागरूकता पर आधारित प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। बेरवा ने ईएलसी, ईसीआई, एसईसी जैसे तकनीकी शब्दों की व्याख्या की और ईआरओ व आरओ की कार्यप्रणाली के साथ मतदाता सूचियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि जिला स्वीप समन्वयक हरिओम सिंह चुंडावत व ईश्वर सिंह कुंपावत ने स्वीप गतिविधियों पर प्रकाश डाला, वहीं बीएलओ प्रीति यदुवंशी ने फॉर्म नंबर 6 की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अपर्णा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही लोकतंत्र की असली आधारशिला है। छात्राओं को न केवल स्वयं जागरूक होना चाहिए, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी मतदान के प्रति प्रेरित करना चाहिए। उपाचार्य डॉ. इंद्र सिंह राठौड़ ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन साक्षरता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। हमारा प्रयास है कि महाविद्यालय की प्रत्येक छात्रा अपनी संवैधानिक शक्ति यानी वोट की कीमत को समझे और समय आने पर इसका विवेकपूर्ण प्रयोग करे। ईएलसी प्रभारी डॉ. संपत लाल रेगर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और डॉ. अनसूया उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया। महोत्सव के तहत आयोजित निबंध, भाषण, रगोली, प्रश्नोत्तरी और पोस्टर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

Comments
Post a Comment