फैक्ट्री हादसे के बाद राज्य मंत्री मौके पर पहुंचे अधिकारियों को दिए निर्देश, राज्य वन मंत्री ने लिया हालात का जायजा, पीड़ित परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
राज्य वन मंत्री ने लिया हालात का जायजा, पीड़ित परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
जयपुर, 16 फरवरी। खुशखेड़ा-भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में हुई फैक्ट्री अग्नि दुर्घटना के बाद पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात राज्य मंत्री अस्पताल पहुंचे और वहां मोर्चरी जाकर स्थिति देखी। राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घटना से प्रभावित सभी व्यक्तियों को आवश्यक सहायता एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री इसके बाद पुलिस थाने पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है तथा घटना के कारणों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी सहित जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक खैरथल मनीष चौधरी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
——————
विधानसभा क्षेत्र भरतपुर में फसल खराबे के मुआवजे का शीघ्र होगा भुगतान - आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षामंत्री
जयपुर, 16 फरवरी। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि भरतपुर विधानसभा क्षेत्र में सम्वत् 2079 खरीफ, बाढ़ एवं ओलावृष्टि से प्रभावित काश्तकारों को शीघ्र भुगतान के लिए उनके जन आधार में उनके बैंक खाते के विवरण को अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
डॉ. मीणा ने बताया कि प्रभावित किसानों में से 1590 काश्तकार जन आधार अपडेट नहीं होने के कारण भुगतान से लंबित रहे हैं। इनमें से 675 काश्तकारों का डाटा जनाधार से अपडेट करवा दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि डेटा अपडेट के बाद शीघ्र ही सभी किसानों को कृषि आदान अनुदान का भुगतान कर दिया जायेगा।
आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. मीणा प्रश्नकाल के दौरान सदस्य डॉ. सुभाष गर्ग द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि भरतपुर विधानसभा क्षेत्र में सम्वत् 2079 खरीफ (बाढ़) एवं (ओलावृष्टि) से प्रभावित 2572 काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान शेष है। उन्होंने बताया कि इसमें 982 काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान के लिए 53.08 लाख रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इसमें भुगतान की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
इससे पहले विधायक डॉ. गर्ग के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र भरतपुर में वर्ष 2022-23 (सम्वत् 2079) खरीफ फसल (बाढ़) से एवं वर्ष 2022-23 (सम्वत् 2079) रबी फसल (ओलावृष्टि) से किसानों द्वारा बोई गई खड़ी फसलों में 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबा होने पर कुल 37165 प्रभावित पात्र काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान किया जाना था जिसमें से 34593 काश्तकारों को एसडीआरएफ नोर्म्स के अनुसार रूपये 2731.31 लाख कृषि आदान अनुदान का भुगतान किया गया है।
---


Comments
Post a Comment