डीडवाना सानिया में गहराया पेयजल संकट: 15 दिनों से ठप है सप्लाई, महंगे टैंकरों के भरोसे ग्रामीण
,डीडवाना
सानिया में गहराया पेयजल संकट: 15 दिनों से ठप है सप्लाई, महंगे टैंकरों के भरोसे ग्रामीण
डीडवाना। उपखंड क्षेत्र के नजदीकी ग्राम सानिया में पिछले दो सप्ताह से पेयजल किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है। गांव में जलापूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि कड़कड़ाती ठंड के बीच ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ट्यूबवेल के जरिए डिस्ट्रीब्यूशन लाइन से पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन पिछले 15 दिनों से ट्यूबवेल की मोटर जली हुई है। विभाग को सूचित करने के बावजूद अभी तक मोटर दुरुस्त नहीं की गई है, जिससे सप्लाई पूरी तरह बंद है।
गांव में नहरी जल परियोजना की पाइपलाइन तो डाली गई है, लेकिन उसका लाभ भी सभी को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन के जरिए केवल आधे गांव में ही पानी पहुंच पा रहा है, जबकि आधा गांव अब भी प्यासा है। वितरण व्यवस्था में इस खामी के कारण संकट और गहरा गया है।पेयजल संकट के चलते ग्रामीण 500 से 800 रुपये खर्च कर निजी टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह एक बड़ा बोझ बन चुका है। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि सर्दी के मौसम में पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
ग्रामीण बाबूलाल ने कहा पिछले 15 दिनों से मोटर खराब है। नहरी पानी भी सबको नहीं मिल रहा। हम महंगे टैंकर कब तक मंगवाते रहेंगे।प्रशासन को जल्द से जल्द मोटर ठीक करवानी चाहिए।
सानिया के ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जली हुई मोटर को तुरंत बदला जाए और नहरी पानी का वितरण पूरे गांव में समान रूप से सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।


Comments
Post a Comment