नाथद्वारा बस स्टैंड हादसा: ट्रावेल्स बस की टक्कर से चाय विक्रेता की मौत, 17 घायल; मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन, सर्विस रोड जाम नाथद्वारा, राजसमंद।
नाथद्वारा बस स्टैंड हादसा: ट्रावेल्स बस की टक्कर से चाय विक्रेता की मौत, 17 घायल; मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन, सर्विस रोड जाम
नाथद्वारा, राजसमंद।
नाथद्वारा नगर के बस स्टैंड पर रविवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उदयपुर की ओर से आ रही एक ट्रावेल्स बस अनियंत्रित होकर आगे खड़ी रोडवेज बस में जा घुसी। हादसे में बस स्टैंड पर चाय की थड़ी लगाने वाले एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बसों में सवार करीब 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उदयपुर की ओर से आ रही ट्रावेल्स बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई। इसी दौरान बीच में आ जाने से कुंठवा निवासी चाय विक्रेता मोहनसिंह (38) की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम भी पुलिस द्वारा खुलवाया गया।
इधर, हादसे के बाद मामला नया मोड़ लेता नजर आया। मृतक मोहनसिंह के परिजनों एवं समाजजनों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सर्विस रोड को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हादसे के लिए ट्रावेल्स बस चालक और मालिक जिम्मेदार हैं, इसलिए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक एवं श्रीनाथजी थाना प्रभारी लोगों से समझाइश कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास करते रहे।
गौरतलब है कि यह हादसा वापी से भीलवाड़ा जा रही बजरंग कोच ट्रावेल्स बस के ब्रेक फेल होने से हुआ, जिसमें एक निर्दोष चाय विक्रेता की जान चली गई।
www.deshkadarpannews.com

Comments
Post a Comment