माघी मेले की सियासी कॉन्फ्रेंस से कांग्रेस ने बनाई दूरी : मनरेगा आंदोलन और गुटबाजी बनी वजह



माघी मेले की सियासी कॉन्फ्रेंस से कांग्रेस ने बनाई दूरी : मनरेगा आंदोलन और गुटबाजी बनी वजह

चंडीगढृ (पी एम ए) श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के गृह जिले श्री मुक्तसर साहिब में इस बार माघी मेले के मौके पर होने वाली मालवा की सबसे बड़ी सियासी कॉन्फ्रेंस नहीं होगी। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के इस अहम राजनीतिक मंच से दूर रहने के फैसले ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। माघी मेले पर हर साल आयोजित होने वाली यह राजनीतिक कॉन्फ्रेंस न सिर्फ मालवा बल्कि पूरे पंजाब की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती रही है। ऐसे समय में, जब अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, कांग्रेस की गैरमौजूदगी को मालवा क्षेत्र में पार्टी की कमजोर होती पकड़ के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। मनरेगा आंदोलन और अंदरूनी गुटबाजी बनी कारण
पार्टी सूत्रों के अनुसार, G-RAM-G के खिलाफ रैलियों, ‘मनरेगा बचाओ संघर्ष’ और कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के चलते इस बार माघी पर सियासी कॉन्फ्रेंस न करने का फैसला लिया गया। बताया जा रहा है कि पार्टी के एक बड़े धड़े में इस फैसले को लेकर असंतोष भी है और कई नेता इसे मालवा जैसे निर्णायक क्षेत्र में राजनीतिक अवसर गंवाने के रूप में देख रहे हैं।
पंजाब की राजनीति में मालवा की अहम भूमिका
पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें अकेले मालवा क्षेत्र से आती हैं। ऐसे में राज्य की सत्ता की राह काफी हद तक यहीं से तय होती है। माझा और दोआबा मिलकर भी मालवा के बराबर सीटें नहीं रखते। यही कारण है कि कांग्रेस ने G-RAM-G के खिलाफ सबसे अधिक रोष रैलियां भी मालवा क्षेत्र में ही की थीं।मालवा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण इलाकों से जुड़ा है और माघी मेला सीधे ग्रामीण मतदाता से जुड़ा आयोजन माना जाता है। इसके बावजूद कांग्रेस का इससे दूरी बनाना सियासी संकेत दे रहा है।
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) भी नहीं करेगा आयोजन
इस बार कांग्रेस के साथ-साथ शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने भी माघी मेले पर सियासी कॉन्फ्रेंस न करने का फैसला किया है। पहले यह दल भी माघी मेले के मौके पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाता रहा है।दो बड़े दलों की गैरमौजूदगी से इस बार माघी मेले की सियासी चमक फीकी पड़ती नजर आ रही है, जबकि आम आदमी पार्टी और भाजपा पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।


Comments

Popular posts from this blog

जयपुर: बेटे सत्य प्रकाश खातीपुरा की आत्महत्या से मां टूटी, पुलिस की सुस्ती पर आक्रोश; वैशाली नगर थाने में दर्ज केस में नया मोड़

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*