नौकरी लगाने के नाम पर 6 लाख रुपये ठगने वाला 5,000 का ईनामी बदमाशसीताराम कुमावत (38) सीताराम कुमावत (38 वर्ष), निवासी मारोठियों की ढाणी, रेनवाल (हाल पार्क रेजिडेंसी, हाथोज, कालवाड़) गिरफ्तार
नौकरी लगाने के नाम पर 6 लाख रुपये ठगने वाला 5,000 का ईनामी बदमाश गिरफ्तार
जयपुर (विशेष संवाददाता):
जयपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोडाला थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले ₹5,000 के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को वीकेआई (VKI), सीकर रोड से दबोचा।
6 लाख रुपये हड़पने का मामला दर्ज
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि पीड़िता श्रीमती रीना योगी (निवासी जाजेड़ा, सवाई माधोपुर हाल कुमावत कॉलोनी, सोडाला) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि आरोपी सीताराम कुमावत (38 वर्ष), निवासी मारोठियों की ढाणी, रेनवाल (हाल पार्क रेजिडेंसी, हाथोज, कालवाड़) ने नौकरी लगाने के नाम पर उससे 6 लाख रुपये हड़प लिए। इस संबंध में सोडाला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
₹5,000 का ईनाम था घोषित
आरोपी घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा काफी प्रयासों के बाद भी जब आरोपी का सुराग नहीं मिला, तो पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण कार्यालय की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000 का ईनाम घोषित किया गया था।
विशेष टीम ने की त्वरित कार्यवाही
ईनामी आरोपी की धरपकड़ हेतु अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) श्री जेठू सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सोडाला थानाधिकारी मनोज बेरवाल, एएसआई रामगोपाल, कांस्टेबल जयपाल तथा डीएसटी प्रभारी विशम्बर सिंह (पुलिस निरीक्षक), उप निरीक्षक धर्मेंद्र एवं कांस्टेबल देवेंद्र कुमार (विशेष भूमिका) को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, आसूचना संकलन और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी सीताराम कुमावत को वीकेआई, सीकर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
अन्य थानों में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का ठग है। उसके खिलाफ सीकर जिले के दांतारामगढ़ थाने में भी धोखाधड़ी (प्रकरण संख्या 224/2026, धारा 318(4) बीएनएस) का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।



Comments
Post a Comment