राजस्थान दिवस पर 14 से 19 मार्च तक राज्यभर में “स्वच्छता सप्ताह” का आयोजन— जनभागीदारी से स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का अभियान

राजस्थान दिवस पर 14 से 19 मार्च तक राज्यभर में “स्वच्छता सप्ताह” का आयोजन—
जनभागीदारी से स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का अभियान

जयपुर, 13 मार्च। राजस्थान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में 14 से 19 मार्च 2026 तक “स्वच्छता सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के निदेशक श्री प्रतीक जुईकर ने बताया की छह दिवसीय इस विशेष अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

स्वच्छता सप्ताह के दौरान राज्यभर में विभिन्न विषयों पर आधारित विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 14 मार्च को जिला स्तर पर कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की भागीदारी से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

15 मार्च को प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर विशेष फोकस रखते हुए 3R (Reduce, Reuse, Recycle) के सिद्धांतों के पालन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध के प्रति जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

16 मार्च को “क्लीन टॉयलेट अभियान” के अंतर्गत सार्वजनिक, सामुदायिक एवं संस्थागत शौचालयों की गहन सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

17 मार्च को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण (गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने) के प्रति जनजागरूकता अभियान तथा सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

18 मार्च को प्रयुक्त जल प्रबंधन के तहत नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा स्थानीय जलाशयों के संरक्षण के लिए विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं 19 मार्च को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों और नागरिकों की भागीदारी से जागरूकता रैलियाँ एवं जनसंपर्क गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

स्वच्छता सप्ताह के माध्यम से प्रदेशभर में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा, जिससे आमजन की सक्रिय भागीदारी से शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।

---------

Comments

Popular posts from this blog

जयपुर: बेटे सत्य प्रकाश खातीपुरा की आत्महत्या से मां टूटी, पुलिस की सुस्ती पर आक्रोश; वैशाली नगर थाने में दर्ज केस में नया मोड़

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*