डीडवाना , 59 नए पटवारियों का प्रशिक्षण शुरू, टाउन हॉल में कलेक्टर ने किया शुभारंभ
*डीडवाना जिला से मोहम्मद साकिर राजस्थान*
डीडवाना ,
59 नए पटवारियों का प्रशिक्षण शुरू, टाउन हॉल में कलेक्टर ने किया शुभारंभ
डीडवाना।जिले में राजस्व विभाग को नई मजबूती मिली है। जिले में नवनियुक्त 59 पटवारियों ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही अपना प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।डीडवाना शहर के दशहरा मेला मैदान स्थित टाउन हॉल में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का आगाज जिला कलेक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया और तहसीलदार ओमप्रकाश ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कलेक्टर ने सभी नए पटवारियों को सरकारी सेवा में आने और जिले में जॉइनिंग देने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
*6 महीने तक चलेगा गहन प्रशिक्षण*
प्रशिक्षण की रूपरेखा साझा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक सत्र: अगले 2 से 3 दिनों तक टाउन हॉल में सैद्धांतिक प्रशिक्षण चलेगा, जिसमें पटवारियों को राजस्व नियमों और कार्यप्रणाली की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।टाउन हॉल के सत्र के बाद सभी पटवारियों को फील्ड में भेजा जाएगा, जहाँ वे 6 महीने तक अनुभवी राजस्व अधिकारियों के मार्गदर्शन में व्यावहारिक बारीकियां सीखेंगे।जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पटवारी राजस्व विभाग की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। उन्होंने पटवारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता के कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें बताया जा रहा है कि जमीन का सीमांकन, गिरदावरी, नामांतरण और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक कैसे पहुँचाया जाए।इस अवसर पर राजस्व विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और जिले भर से आए नवनियुक्त पटवारी उपस्थित रहे। नए पटवारियों की नियुक्ति से अब तहसील स्तर पर लंबित पड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।




Comments
Post a Comment