191 करोड़ की लागत से विकसित होगा श्री कल्याण राजकीय चिकित्सालय सांवली – चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री
Date -10-03-26
Desh ka Darpan news jaipur Rajasthan
191 करोड़ की लागत से विकसित होगा श्री कल्याण राजकीय चिकित्सालय सांवली – चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री
जयपुर, 10 मार्च। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि सीकर जिले में लगभग 191 करोड़ रुपये की लागत से श्री कल्याण राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सीकर से संबद्ध श्री कल्याण राजकीय चिकित्सालय, सांवली को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में एडमिनिस्ट्रेशन विंग के लिए 103 करोड़ रुपये, क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये, क्रिटिकल केयर ब्लॉक के उपकरणों के लिए 7 करोड़ रुपये, कैथलैब के लिए 6.5 करोड़ रुपये तथा चिकित्सालय के अन्य उपकरणों के लिए 18 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लेटेस्ट अल्ट्रासाउंड मशीन, सर्जिकल सेट्स, वेंटिलेटर्स, एक्स-रे मशीन तथा प्रत्येक बेड पर मल्टीपल पैरा मॉनीटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। क्रिटिकल केयर ब्लॉक में सी-आर्म मशीनें स्थापित की जाएंगी तथा कैथलैब में आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पूर्ण होने पर आवश्यकतानुसार पर्याप्त स्टाफ की भी नियुक्ति की जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य श्री गोरधन द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ती जनसंख्या एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल की 300 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 530 बेड किया जाएगा।
इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि श्री कल्याण राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सीकर से संबद्ध श्री कल्याण राजकीय चिकित्सालय सांवली के नवीन भवन में क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य प्रगतिरत है, जो कि मई 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। अस्पताल परिसर का सिविल कार्य पूर्ण होने के पश्चात अस्पताल को नवीन भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा महाविद्यालय सीकर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु केन्द्रीय प्रवर्तित योजना के तहत तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम रिन्यूवल के अंतर्गत जनरल सर्जरी, जनरल मेडिसिन, ओबीजीवाई, टीबी एंड चेस्ट, साइकियाट्री, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, रेडियो डायग्नोसिस, एनेस्थीसिया एवं स्किन एंड वीडी विभागों के लिए लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से उपकरण, फर्नीचर एवं अन्य सामग्री क्रय करने हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है तथा क्रय की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2022-23 के बजट में श्री कल्याण राजकीय चिकित्सालय, सीकर में कैथलैब स्थापित करने की घोषणा की गई थी। इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है तथा वर्तमान में क्रय की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों के उपचार के लिए समर्पित क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य भी प्रगतिरत है, जहां मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
-
Comments
Post a Comment