स्वच्छता में ही नागरिकों के स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कुंजी निहित, जयपुर को गड्ढा, गंदगी एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का हो लक्ष्य— ब्रांड एम्बेसडर, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी)






स्वच्छता में ही नागरिकों के स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कुंजी निहित, जयपुर को गड्ढा, गंदगी एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का हो लक्ष्य— ब्रांड एम्बेसडर, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 

जयपुर, 10 मार्च। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत जयपुर जिले की समस्त नगरीय निकायों, रूडीप/अमृत 2.0 परियोजना तथा जल जीवन मिशन से संबंधित अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को नगर निगम जयपुर के सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) राजस्थान के ब्रांड एम्बेसडर श्री के.के. गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए ब्रांड एम्बेसडर श्री गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता में ही राष्ट्र के नागरिकों के स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कुंजी निहित है। स्वच्छता एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि वर्षभर निरंतर किया जाने वाला पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जयपुर को गड्ढा, गंदगी एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य हम सभी का होना चाहिए। स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी निकायों में संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ मोहल्लों में रहने वाले आम नागरिकों को भी जोड़ते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर स्वच्छता कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर नियमित रूप से किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्वच्छता को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जोर दिया, जिनमें 100 प्रतिशत कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, समयबद्ध तरीके से वर्ष के 365 दिन कचरा उठाव, जीपीएस के माध्यम से मॉनिटरिंग तथा सॉफ्टवेयर के माध्यम से पेनल्टी की व्यवस्था शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों एवं मूत्रालयों की दिन में तीन बार सफाई (जीईओ टैग्ड फोटो के माध्यम से मॉनिटरिंग), खाली भूखंडों की सफाई नहीं होने पर पेनल्टी एवं सीज करने की कार्रवाई, व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित रात्रिकालीन सफाई, बिजली के पोलों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखना, बेसहारा गायों को गौशालाओं में पहुंचाना, नालियों की हाई-प्रेशर मशीन से सफाई, बाग-बगीचों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना तथा नगरीय निकायों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर (चतुर्थ) श्री आशीष कुमार, डीसी श्री ओम थानवी तथा जयपुर जिले के नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
——————

Comments

Popular posts from this blog

जयपुर: बेटे सत्य प्रकाश खातीपुरा की आत्महत्या से मां टूटी, पुलिस की सुस्ती पर आक्रोश; वैशाली नगर थाने में दर्ज केस में नया मोड़

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*