राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन पर एसीएस का परिवादियों से सीधा संवाद— मार्च में औसतन 6 दिन में समस्याओं का समाधान, संतुष्टी प्रतिशत 79 पहुंचा









Desh ka Darpan News

राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन पर एसीएस का परिवादियों से सीधा संवाद—
मार्च में औसतन 6 दिन में समस्याओं का समाधान, संतुष्टी प्रतिशत 79 पहुंचा

जयपुर, 13 मार्च। राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन आमजन की समस्या के समाधान के लिए वरदान साबित हो रही है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता ने शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने परिवादियों से सीधा संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

मार्च माह में औसतन 6 दिन में हुआ समस्या का समाधान-

सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 181 हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान की दिशा में बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। मार्च माह में विभाग द्वारा औसत 6 दिवस में समस्या का समाधान किया गया है। गौरतलब है कि मार्च माह में अब तक 3228 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 752 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस के साथ ही महत्वपूर्ण बात यह कि संतुष्टि का प्रतिशत 79 प्रतिशत रहा है।

एसीएस ने इस दौरान विभाग से संबंधित 11 परिवादियों से संवाद किया और समस्या समाधान के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान परिवादियों द्वारा विभाग की सड़कों पर अवैध गतिरोधक, सड़कों पर झाडियां, मिट्टी आदि मुद्दों को संज्ञान में लाया गया। ऐसे मुद्दों को अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा गम्भीरता से लेकर अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश प्रदान किये गये।

सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के गुणवत्तापूर्वक निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए एसीएस द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी जिसमें परिवादों के निस्तारण में लगने वाले समय को कम करने तथा निस्तारित परिवादों के संतुष्टि स्तर बढ़ाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने परिवादों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्व कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। निर्देशों की पालना में विभाग द्वारा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किये गये ।
इस दौरान एसीएस श्री गुप्ता ने पर्यटन विभाग, कला एवं संस्कृति तथा जवाहर कला केन्द्र से संबंधित शिकायतों का भी परीक्षण किया और परिवादियों से संवाद किया।

पर्यटन इकाई प्रोजेक्ट स्वीकृति को लंबित रखने पर पत्रावली तलब-

इस दौरान एसीएस ने संपर्क हेल्पलाइन पर दर्ज एक परिवाद का निरीक्षण किया। इसमें लम्बे समय तक लंबित रखने के बाद पर्यटन इकाई प्रोजेक्ट को स्वीकृत करने का जिक्र किया गया था। परिवादी द्वारा फाइल को लंबित रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग भी की गई थी।  एसीएस ने परिवादी से संवाद कर मामले की जानकारी ली तथा पत्रावली को लंबित रखने के कारणों की जांच के लिए पत्रावली तलब की।

इस अवसर पर लोक शिकायत निवारण विभाग के संयुक्त सचिव श्री हर्ष सावन सुखा, आरआईएसएल के समूह महाप्रबंधक श्री जी.के. शर्मा, राजस्थान संपर्क पोर्टल के अतिरिक्त निदेशक श्री सुदर्शन सिंह देओरा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित होकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी समस्या दर्ज कराकर उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

 

Comments

Popular posts from this blog

जयपुर: बेटे सत्य प्रकाश खातीपुरा की आत्महत्या से मां टूटी, पुलिस की सुस्ती पर आक्रोश; वैशाली नगर थाने में दर्ज केस में नया मोड़

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*