उप जिला अस्पताल देसूरी के भवन के लिए 38 हजार 400 वर्गमीटर भूमि चिह्नित - चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री


उप जिला अस्पताल देसूरी के भवन के लिए 38 हजार 400 वर्गमीटर भूमि चिह्नित  - चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री

जयपुर, 10 मार्च। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि बाली विधानसभा क्षेत्र के देसूरी में उप जिला अस्पताल के भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल के लिए 38 हजार 400 वर्गमीटर भूमि चिन्हित कर दी गई है तथा भवन निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री पुष्पेन्द्र सिंह द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीएचसी देसूरी में उपलब्ध भूमि लगभग 5 हजार वर्गमीटर है, जबकि उप जिला अस्पताल के लिए कम से कम 28 हजार वर्गमीटर भूमि की आवश्यकता होती है। इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय विधायक के प्रयासों से जिला कलक्टर द्वारा आदेश जारी कर लगभग 38 हजार 400 वर्गमीटर भूमि चिह्नित कर दी गई है। अब पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने से अस्पताल भवन का निर्माण संभव हो सकेगा और शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बाली विधानसभा क्षेत्र में बजट 2025-26 के तहत जिला अस्पताल की घोषणा की गई। इसके भवन निर्माण के लिए 63.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि भवन निर्माण में देरी के दो मुख्य कारण रहे। पहला कारण वित्त विभाग द्वारा जारी वह परिपत्र है, जिसमें क्रमोन्नत चिकित्सा संस्थानों के लिए नए भवन निर्माण से पहले वर्तमान में उपलब्ध भवनों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने तथा आवश्यक निर्माण के लिए संशोधित प्रस्ताव भेजने की सलाह दी गई थी। इस प्रक्रिया के तहत गैप एनालिसिस कर यह देखा गया कि मौजूदा भवन का किस प्रकार उपयोग किया जा सकता है, ताकि अनावश्यक खर्च कम हो सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत हुए देसूरी के सीएचसी में 30 बेड की व्यवस्था है, जहां प्रतिदिन औसतन 157 ओपीडी मरीज आते हैं। आईपीडी में प्रतिदिन लगभग 2 मरीज आते हैं तथा प्रतिमाह करीब 72 प्रसव होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीएचसी के मानकों के अनुसार यहां पर्याप्त स्टाफ है। उन्होंने कहा कि यहां नियुक्त किये गए कुछ डॉक्टरों के एसआर- शिप पर चले जाने से हुई समस्या का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा।

मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र बाली की तहसील देसूरी में उप जिला अस्पताल भवन निर्माण के लिए स्वीकृति संख्या 90/2025-26 दिनांक 22 अगस्त 2025 के तहत 35 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल भवन निर्माण के लिए उपलब्ध वर्तमान भवन का अंतर विश्लेषण कर लिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र ही ड्राइंग तैयार कर अनुमोदन के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने उप जिला अस्पताल देसूरी में राजपत्रित एवं अराजपत्रित संवर्ग के स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का विवरण सदन में रखा गया है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को भविष्य में सीधी भर्ती या पदोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भवन निर्माण कार्य लंबित होने के कारण फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर की सभी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें नि:शुल्क ओपीडी व आईपीडी सेवाएं, नि:शुल्क दवा योजना के तहत 523 प्रकार की दवाएं, नि:शुल्क जांच योजना के तहत 37 प्रकार की जांचें, आपातकालीन सेवाएं, टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं तथा संस्थागत प्रसव जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उप जिला अस्पताल के मानकों के अनुरूप भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद अस्पताल को पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जा सकेगा।

---

Comments

Popular posts from this blog

जयपुर: बेटे सत्य प्रकाश खातीपुरा की आत्महत्या से मां टूटी, पुलिस की सुस्ती पर आक्रोश; वैशाली नगर थाने में दर्ज केस में नया मोड़

शिवसेना ने मोदी की जनसंख्या के बयान पर मुस्लिम समाज के एक हिस्से पर साधा निशाना ।18/8/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*