डीडवाना , खाना देरी से आने पर भड़के डिस्कॉम अभियंता, कटवा दी होटल की बिजली! वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
https://deshkadarpannews.live/?p=49519&preview=true
*डीडवाना जिला से मोहम्मद साकिर राजस्थान*
डीडवाना ,
खाना देरी से आने पर भड़के डिस्कॉम अभियंता, कटवा दी होटल की बिजली! वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
डीडवाना।अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एक अभियंता की दबंगई का मामला सामने आया है। राणासर स्थित एक होटल में खाना परोसने में हुई महज 2-3 मिनट की देरी से नाराज होकर ग्रामीण अभियंता बलवीर सिंह भदाला पर होटल की बिजली कटवाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
*क्या है पूरा मामला*
मिली जानकारी के अनुसार, AVVNL के अभियंता बलवीर सिंह भदाला अपने कुछ साथियों के साथ राणासर के एक होटल में भोजन करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ऑर्डर देने के बाद खाना आने में कुछ मिनटों की देरी हो गई। इस बात से नाराज होकर अभियंता और होटल संचालक के बीच बहस शुरू हो गई। होटल संचालक का आरोप है कि इस मामूली बात पर अभियंता ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए तुरंत होटल की लाइट कटवा दी।
*वीडियो में मारपीट और छीनाझपटी*
वायरल वीडियो में होटल संचालक और अभियंता के बीच तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है। वीडियो में होटल संचालक सवाल कर रहा है कि बिल चुकाने के बावजूद लाइट क्यों काटी गई? वहीं, अभियंता तकनीकी फाल्ट होने का दावा कर रहे हैं। इसी दौरान वीडियो में अभियंता के साथ आए एक व्यक्ति को होटल कर्मियों का मोबाइल छीनने पर होटल के कार्मिकों के द्वारा मारपीट करते हुए भी देखा जा सकता है।
*विभागीय पक्ष और कार्रवाई*
घटना के सार्वजनिक होने के बाद डिस्कॉम के उच्च अधिकारी हरकत में आए हैं। अभियंता भदाला ने अपने बचाव में कहा है कि पूरे फीडर में तकनीकी खराबी (फाल्ट) आने के कारण बिजली गुल हुई थी, जिसका होटल विवाद से कोई लेना-देना नहीं है।हालांकि, मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो को देखते हुए अधीक्षण अभियंता ने इस पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अभियंता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।



Comments
Post a Comment