सिरोही में कांग्रेस का परचम: गुमान सिंह देवड़ा बने 15वें जिला प्रमुख, एकतरफा मुकाबले में भाजपा को दी शिकस्त

https://youtu.be/ZEInKx5luEw?si=5FdRfNnYOkXTgf1J
सिरोही में कांग्रेस का परचम: गुमान सिंह देवड़ा बने 15वें जिला प्रमुख, एकतरफा मुकाबले में भाजपा को दी शिकस्त
​सिरोही (रमेश टेलर): सिरोही की स्थानीय राजनीति में बुधवार का दिन कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक रहा। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गुमान सिंह देवड़ा ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए जिले के 15वें जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गंगा सिंह को बड़े अंतर से मात दी।
​सभी 27 सदस्यों ने किया मतदान, एकजुट रही कांग्रेस
जिला परिषद के सभी 27 निर्वाचित सदस्यों ने इस चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मतदान के बाद जब परिणाम सामने आए तो कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस के गुमान सिंह देवड़ा को पार्टी के सभी 22 सदस्यों का एकमुश्त समर्थन मिला, जबकि भाजपा प्रत्याशी गंगा सिंह महज 5 वोटों पर ही सिमट कर रह गए।
​दिग्गज को हराकर तय किया जिला प्रमुख तक का सफर
गौरतलब है कि गुमान सिंह देवड़ा ने जिला परिषद के वार्ड संख्या-4 से चुनाव जीतकर परिषद में कदम रखा था। उन्होंने इस चुनाव में भाजपा के जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ को भारी मतों से पराजित किया था। उनकी इसी मजबूत पकड़ को देखते हुए कांग्रेस ने उन्हें जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाया और उन्होंने पार्टी के भरोसे पर खरा उतरते हुए जीत हासिल की।
​जीत के बाद सियासी बयानबाजी तेज
चुनाव परिणाम आते ही जिले में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। लोढ़ा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सिरोही के राजनीतिक इतिहास में पहली बार भाजपा में टिकटों की नीलामी हुई और पैसे लेकर टिकट बांटे गए। उन्होंने कहा कि इसी गलत फैसले का राजनीतिक खामियाजा भाजपा को इस करारी हार के रूप में भुगतना पड़ा है।
​दूसरी ओर, हार पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के प्रति जनता की नाराजगी को इस परिणाम का मुख्य कारण बताया।
​छावनी में तब्दील रहा जिला परिषद परिसर
चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सुबह से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। जिला परिषद कार्यालय के बाहर और भीतर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। प्रत्येक सदस्य को सघन सुरक्षा जांच के बाद ही मतदान कक्ष में प्रवेश दिया गया।
​इस महत्वपूर्ण चुनावी घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व विधायक संयम लोढ़ा सहित कई वरिष्ठ नेता मौके पर डटे रहे, वहीं भाजपा की ओर से सुबह सांसद लुम्बाराम चौधरी और जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने मोर्चा संभाले रखा।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

सावधान एक गलत गुगल सचॅ आपको बना सकता है कगांल।15/8/19

आॅपरेशन क्लीन स्वीप Anand srivastav Police commissoner