जयपुर: एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ब्लैकमेलिंग और लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत दो गिरफ्तार
जयपुर: एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ब्लैकमेलिंग और लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत दो गिरफ्तार
जयपुर। राजधानी जयपुर के जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ब्लैकमेलिंग, मारपीट और लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी विज्ञापनों के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर नकदी व मोबाइल छीनने के आरोप में एक महिला समेत दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
गूगल पर ऐड चलाकर फंसाते थे जाल में
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व, श्रीमती रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि यह गिरोह गूगल पर एस्कॉर्ट सर्विस के नाम से फर्जी विज्ञापन (ऐड्स) चलाता था। जैसे ही कोई ग्राहक गूगल पर एस्कॉर्ट सर्विस सर्च करता, तो टॉप पर इस गिरोह का मोबाइल नंबर आता था। ग्राहक संपर्क करते ही उनसे एडवांस पैसे ले लिए जाते थे, लेकिन सर्विस नहीं दी जाती थी। इसके बाद ग्राहक को निश्चित स्थान पर बुलाकर कार में बैठाया जाता, डरा-धमकाकर व मारपीट कर उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया जाता था।
पीड़ित को कार में बैठाकर की मारपीट, लूटे पैसे
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 1 जून 2026 की रात करीब 11 बजे पीड़ित विकास कुमार मीणा जगतपुरा स्टेशन से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात कार सवारों ने रास्ता पूछने के बहाने गाड़ी रोकी और मदद के नाम पर लिफ्ट दी। कार में बैठते ही आरोपियों ने विकास के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, उनका मोबाइल छीन लिया और जेब से करीब 15,000 रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद उन्हें एक अनजान जगह पर फेंककर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई
घटना के संबंध में मामला (प्रकरण संख्या 269/26) दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) शिवदयाल के सुपरविजन और जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चन्द्र के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर निगरानी रखते हुए दो आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
हेमन्त पाठक (उम्र 23 वर्ष) - निवासी महापुरा, पुलिस थाना भांकरोटा, जयपुर।
रक्षा मलकानी (उम्र 31 वर्ष) - निवासी मीरा रोड (ईस्ट), ठाणे (महाराष्ट्र), हाल निवासी शक्ति विहार, मुहाना मंडी, जयपुर।
पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है तथा गिरोह के अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।
Comments
Post a Comment