हाइवे पर बंदूक-चाकू की नोक पर लूट करने वाला शातिर बदमाश रामकेश मीणा गिरफ्तार, मुहाना पुलिस की बड़ी सफलता
रिंग रोड पर बैंक कर्मचारी का अपहरण कर UPI से ऐंठे थे पैसे; दो साल से चल रहा था फरार, निकाय चुनाव के तहत पुलिस ने कसा शिकंजा
जयपुर (विशेष संवाददाता):
जयपुर पुलिस आयुक्तालय की मुहाना थाना पुलिस ने राज्य राजमार्गों (State Highways) पर राहगीरों और वाहन चालकों को हथियारों के बल पर रोककर लूटपाट करने वाले एक बेहद खतरनाक गिरोह के सक्रिय और फरार अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान रामकेश मीणा (25) पुत्र मूलचंद मीणा, निवासी संपत्तपुरा (कोटखावदा, जयपुर) के रूप में हुई है। आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि आगामी नगर निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से फरार व वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) श्री हेमेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी मुहाना श्री मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर किया था अपहरण
घटना 15 नवंबर 2024 की है। बैंककर्मी परिवादी अभिषेक पारिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 11:20 बजे अपनी स्कूटी से रिंग रोड और बालावाला के बीच से गुजर रहा था। तभी काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार 6 बदमाशों ने उसकी स्कूटी के आगे कार लगाकर उसे रोक लिया। बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू दिखाकर उसे कार में पटक लिया और घने जंगलों में ले गए।
बदमाशों ने पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट की, गर्दन पर चाकू रखा और गला घोंटकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पीड़ित की जेब से 2,000 रुपये, चांदी का कड़ा और बैग में रखे 45,000 रुपये नकदी छीन लिए। इसके बाद जबरन फोन, UPI और बैंक खातों का पासवर्ड लेकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए तथा उसकी पत्नी को भी फोन करवाकर पैसों की मांग की।
तकनीकी अनुसंधान से चढ़ा पुलिस के हत्थे
मुहाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और पूर्व में गिरोह के दो अन्य सदस्यों—पायलेट मीणा और अक्षय मीणा उर्फ गोलू (दोनों निवासी थूनियांधिराजपुरा, दौसा) को गिरफ्तार कर लिया था। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी रामकेश मीणा लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की तकनीकी शाखा और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी के ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व में भी दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामकेश मीणा शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कोटखावदा थाने में अपहरण, मारपीट, चोरी (मु.न. 225/25) तथा आर्म्स एक्ट व डकैती/लूट (मु.न. 392/25) के संगीन मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश कुमार (पु.नि.), एसआई नरेन्द्र, हेड कांस्टेबल कानसिंह, भंवर लाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश, सचिन, अमित तथा तकनीकी शाखा दक्षिण के हेड कांस्टेबल लोकेश व रामसिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Comments
Post a Comment