पुरानी रंजिश में युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी में कैद हुई थी वारदात नरैना (जयपुर ग्रामीण)।
नरैना (जयपुर ग्रामीण)।
थाना क्षेत्र के पिंगुन रोड साली स्थित पेट्रोल पंप पर युवक पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमला करने के मामले में नरैना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुरानी कहासुनी को लेकर रंजिशवश इस वारदात को अंजाम दिया था।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि 20 सितंबर को परिवादी लक्ष्मण गुर्जर (निवासी पिंगुन) ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार, 15 सितंबर को देवनारायण जी की पैदल यात्रा के दौरान आरोपी शैतान गुर्जर ने परिवादी के बेटे गणेश और भतीजे मुकुंद की बाइक को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी थी, जिससे वहां कहासुनी हो गई थी। आरोपी ने उन्हें आगे देख लेने की धमकी दी थी।
इसके बाद 20 सितंबर की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच परिवादी का दूसरा बेटा सुरेश अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने खाजपुरा-साली के बीच स्थित पेट्रोल पंप गया था। वहां पहले से मौजूद आरोपी शैतान गुर्जर (22 वर्ष, निवासी लिलवा की ढाणी, पिंगुन) ने पेट्रोल भरवाने के बाद जान से मारने की नियत से सुरेश पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। सुरेश ने भागकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी ने उसकी बाइक को ट्रैक्टर से कुचलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर धारा 109, 324 (6) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और वृत्ताधिकारी सांभरलेक मुकेश कुमार जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी उमराव सिंह (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी सहायता व आसूचना संकलन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शैतान गुर्जर पुत्र मेवाराम गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जुर्म स्वीकार करने पर पुलिस ने आरोपी को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
थानाधिकारी उमराव सिंह, सहायक उप-निरीक्षक महेश कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, रवींद्र सिंह, गिरधारी लाल और जितेंद्र कुमार शामिल रहे।


Comments
Post a Comment