कपड़ा व्यापारियों से 2 करोड़ की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग के 2 शातिर ठग गिरफ्तार

कपड़ा व्यापारियों से 2 करोड़ की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग के 2 शातिर ठग गिरफ्तार





​अहमदाबाद की फर्जी फर्मों के नाम पर माल मंगवाकर औने-पौने दामों में बेचकर हो जाते थे फरार

​जयपुर (देश का दर्पण)।

राजधानी के रीको इंडस्ट्रियल एरिया (मानसरोवर) स्थित कपड़ा व्यापारियों से करीब 2 करोड़ रुपये का कपड़ा धोखाधड़ी से हड़पने वाली अंतरराज्यीय गैंग का शिप्रापथ थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी व्यापारियों से माल मंगवाकर फर्जी पतों पर प्राप्त करते थे और बाद में माल को कम दामों में बेचकर फरार हो जाते थे।

​पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हेमंत सुखलानी (52) निवासी अहमदाबाद और प्रदीप गुनानी उर्फ सोनू (39) निवासी अहमदाबाद हैं।

​ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

​डीसीपी दक्षिण ने बताया कि 19 सितंबर को अमन एक्सपोर्ट्स रिटेल लिमिटेड के फाइनेंस मैनेजर गिरीश पाटोदिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि मार्च 2026 में आरोपी प्रदीप गुनानी (वाहेगुरु एजेंसी) और हेमंत (आर.वी. एंटरप्राइजेज) अन्य साथियों के साथ उनकी फर्म पर आए। खुद को कपड़ा व्यापारियों का एजेंट और बड़ी फर्मों का प्रोपराइटर बताकर व्यापारियों को जीएसटी नंबर उपलब्ध करवाए और मुंबई व अहमदाबाद माल भेजने का ऑर्डर दिया। आरोपियों ने पीड़ित की फर्म से करीब 47 लाख रुपये और अन्य कपड़ा फर्मों से करीब 1.5 करोड़ रुपये का माल (कुल करीब 2 करोड़ रुपये) मंगवा लिया।

​भुगतान मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। जब व्यापारियों ने पते की जांच करवाई तो सभी पते फर्जी निकले। इसके बाद थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आसूचना संकलन कर दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।

​फर्जी पते और खाली चेक देकर जीतते थे भरोसा

​पूछताछ में सामने आया कि आरोपी व्यापारियों को भरोसा दिलाने के लिए शुरुआती भुगतान या खाली बैंक चेक दे देते थे। माल को ट्रांसपोर्ट से फर्जी पतों के बजाय अन्य स्थानों पर प्राप्त कर अहमदाबाद में ही अन्य दुकानदारों को सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस फिलहाल आरोपियों को पी/सी रिमांड पर लेकर हड़पे गए माल की बरामदगी और गैंग के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।