30 मामलों में वांछित शातिर कार चोर अमोल मीणा गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियों का मास्टरमाइंड पुलिस के हत्थे चढ़ा


30 मामलों में वांछित शातिर कार चोर अमोल मीणा गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियों का मास्टरमाइंड पुलिस के हत्थे चढ़ा
​जयपुर (विशेष संवाददाता)।
जयपुर शहर में लगातार बढ़ रही स्कॉर्पियो एवं अन्य लग्जरी गाड़ियों की चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए जयपुर पूर्व की मालपुरा गेट थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के मास्टरमाइंड अमोल मीणा उर्फ मनर उर्फ मनोहरी (42) को भोंडसी (गुड़गांव, हरियाणा) से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में चोरी व अन्य अपराधों के करीब 30 मामले दर्ज हैं।  
​घर के बाहर से चोरी हुई थी स्कॉर्पियो
​पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) श्रीमती रंजीता शर्मा ने बताया कि 22 मई 2026 को सुभाष कॉलोनी, शिकारपुरा रोड निवासी नंद किशोर यादव ने मालपुरा गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 20 मई की रात करीब 9 बजे उसने अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो (RJ 14 UN 9059) घर के बाहर खड़ी की थी, जो सुबह गायब मिली। पुलिस ने धारा 303 (2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।  
​सीसीटीवी फुटेज और बीटीएस से मिला सुराग
​अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन एवं सहायक पुलिस आयुक्त (सांगानेर) दीपक खंडेलवाल के निर्देशन तथा थानाधिकारी सुभाष चंद यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें तड़के 4:50 से 5:00 बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति मुंह पर रुमाल बांधकर गाड़ी चुराता नजर आया।  
​गोपनीय सूचना और बीटीएस तकनीक की मदद से चोरी हुई स्कॉर्पियो कार को भांडारेज (दौसा) से लावारिस हालत में बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे हरियाणा की भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।  
​लग्जरी शौक पूरे करने के लिए 20 साल से कर रहा चोरी
​पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अमोल मीणा मूल रूप से ओंडमीना (थाना सलेमपुर, जिला दौसा) का रहने वाला है। वह पिछले 20 सालों से स्कॉर्पियो, थार और अन्य लग्जरी गाड़ियाँ चुराने का आदी है। वह अपने महंगे और लग्जरी शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस को उससे अन्य कई मामलों के खुलासे की संभावना है।  
​टीम की विशेष भूमिका
​गाड़ी बरामद करने और आरोपी तक पहुँचने में मालपुरा गेट थाने के कांस्टेबल करण (नं. 10894) की विशेष भूमिका रही। टीम में एसआई अलीमुद्दीन, कांस्टेबल हरकेश, कन्हैया लाल, योगराज और विजयभान शामिल थे।

Comments

Popular posts from this blog

राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रिश्र्वत लेते गिरफ्तार ।11/10/19

लखनऊ कोर्ट में फायरिंग : मुख्तार अंसारी के राइट हैंड की गोली मारकर हत्या, एक बच्चा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी -*

आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्षीय महिला के पेट से 10 किलों की गांठ निकाली। महिला को मिली नई जिंदगी ।