जयपुर में मॉर्निंग वॉक पर गए CA के अपहरण का प्रयास, पुलिस ने 1000 CCTV फुटेज खंगालकर मास्टरमाइंड सहित 3 बदमाशों को दबोचा
विशेष संवाददाता | जयपुर
जयपुर के पॉश इलाके सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) का उनकी ही मर्सिडीज कार में अपहरण करने की सनसनीखेज वारदात का जयपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जयपुर दक्षिण पुलिस की जिला विशेष टीम (DST), साइबर सेल और अशोक नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मामले के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
चलती कार में हुआ संघर्ष, गड्ढे में गिरी मर्सिडीज
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री राजर्षि राज (IPS) के अनुसार, घटना 10 सितंबर 2026 की सुबह की है। पीड़ित राजीव गुप्ता सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के बाद अपनी मर्सिडीज कार में बैठने लगे, तभी दो अज्ञात युवकों ने चाकू और नकली पिस्टल दिखाकर जबरन कार में प्रवेश कर लिया और जान से मारने की धमकी देकर कार सहित अपहरण कर लिया।
बदमाश पीड़ित को जयपुर से बाहर ले जाकर मोटी फिरौती वसूलना चाहते थे। लेकिन चलती कार में राजीव गुप्ता ने साहस दिखाते हुए बदमाशों से मुकाबला किया। आरोपियों ने जब चाकू-पिस्तौल दिखाकर उनके साथ मारपीट की और शर्ट खोलकर मुंह बांधने की कोशिश की, तो पीड़ित ने स्टीयरिंग व्हील को घुमा दिया। इसके चलते अनियंत्रित होकर मर्सिडीज कार सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी कार छोड़कर पास के जंगलों और पहाड़ियों में फरार हो गए थे।
1000 से अधिक CCTV खंगाले, 20 हजार का था इनाम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा और एसीपी डॉ. पूनम के निर्देशन में अशोक नगर थानाधिकारी हेमंत जनागल और डीएसटी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सेंट्रल पार्क, दिल्ली रोड (आमेर), ब्रह्मपुरी, ट्रांसपोर्ट नगर, आगरा रोड और जामडोली क्षेत्र में लगभग 1000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपियों पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया।
तकनीकी विश्लेषण और आसूचना के आधार पर पुलिस ने 18 सितंबर को मास्टरमाइंड चेतन शर्मा सहित तीन आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी:
चेतन शर्मा उर्फ लाला (24 वर्ष) - निवासी पोथली, बांसखो (बस्सी, जयपुर) [मुख्य आरोपी/मास्टरमाइंड]
जैनुल खान (23 वर्ष) - निवासी नूर नगर, लूनियावास (खो-नागोरियान, जयपुर)
हनुमान प्रजापत (23 वर्ष) - निवासी पोतली (बस्सी, जयपुर)
आर्थिक तंगी बनी अपराध की वजह, पहले भी की थी रेकी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आपस में दोस्त हैं और उन्होंने आर्थिक तंगी के चलते अमीर लोगों का अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी। इस घटना से पहले भी आरोपियों ने सेंट्रल पार्क में रेकी कर वारदात का प्रयास किया था, लेकिन तब असफल रहे थे।
मुख्य आरोपी चेतन शर्मा के खिलाफ पूर्व में भी थाना खोह-नागोरियान में अपहरण (बीएनएस की धारा 137(2)) का मामला दर्ज है और पुलिस उस मामले में चालान पेश कर चुकी है।
नकली पिस्तौल, चाकू और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई 2 बाइक, 1 इलेक्ट्रिक स्कूटी, 1 धारदार चाकू और 1 नकली पिस्तौल बरामद की है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।


Comments
Post a Comment