प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी करने वाले 2 शातिर नकबजन गिरफ्तार, आधा दर्जन से अधिक वारदातों का खुलासा
जयपुर (विशेष समाचार)। जयपुर दक्षिण की शिवदासपुरा थाना पुलिस ने प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) श्री राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नकबजनी में प्रयुक्त उपकरण और वारदात में इस्तेमाल की गई 3 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
कारखाना मालिक की शिकायत पर हुई कार्रवाई
डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी श्री मनीष पांडे ने शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज कराया था कि 28 अगस्त 2026 को अज्ञात चोरों ने उनकी फैक्ट्री की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एचपी लैपटॉप, वेल्डिंग कॉपर केबल, विभिन्न टूल्स और पीतल का सामान चुरा लिया। घटना पर मामला दर्ज कर एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा और एसीपी चाकसू भवानी सिंह के सुपरविजन में शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
झारखंड और गोनेर के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर दो आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
* राहुल महावर (25 वर्ष) पुत्र डालचंद महावर, निवासी ग्राम गोनेर, थाना शिवदासपुरा, जयपुर दक्षिण।
* करण बुनिया (20 वर्ष) पुत्र कन्हैया बुनिया, निवासी गांव बेलखोरी, थाना मुजरन, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है।
बरामद सामान और उपकरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 मोटरसाइकिल, 3 लैपटॉप, 1 मॉनिटर, 1 यूपीएस, 3 कीबोर्ड, तांबे की केबल के साथ-साथ ताला तोड़ने और नकबजनी में काम आने वाले औजार जैसे प्लास, पेचकस, पाना, कटर मशीन आदि बरामद किए हैं।
आधा दर्जन से अधिक वारदातों का पर्दाफाश
पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है, जिनमें शामिल हैं:
* जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी से दो मोटरसाइकिलें चोरी करना।
* टेलीपरफॉर्मेशन्स कंपनी चतराला से एक बाइक चोरी।
* बीलवा स्थित बोहरा पेट्रोल पंप से मोबाइल और अन्य सामान चोरी।
* रामचंद्रपुरा में कंटेनर बनाने की कंपनी, वेल्डिंग फैक्ट्री, गैस फैक्ट्री और केबल फैक्ट्री से लोहे के सरिये, कॉपर/स्टील पाइप, शीट, लैपटॉप आदि चोरी।
* विधाणी मंदिर/आश्रम से सरिये और बर्तन चोरी करना।
पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल महावर के खिलाफ प्रतापनगर थाने में पूर्व में भी चोरी के दो मामले दर्ज हैं और चालान पेश हो चुका है। वहीं आरोपी करण बुनिया के खिलाफ सांगानेर सदर और शिवदासपुरा थाने में चोरी/नकबजनी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य वारदातों के खुलने की भी संभावना है।




Comments
Post a Comment